
भारत के नाम रहा कोलंबो टेस्ट का पहला दिन. (फोटो- PTI)
IND vs SL 2nd Test, Day 1: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरा और आखिरी मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है. इस मुकाबले का पहला दिन भारतीय टीम का नाम रहा. टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और इसके सही साबित करके भी दिखाया. पहले दिन भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए. जिसमें देवदत्त पडिक्कल का शतक शामिल रहा. वहीं, कप्तान शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा ने भी कमाल की बल्लेबाजी की. लेकिन ऋषभ पंत की चोट ने टीम की टेंशन बढ़ा दी.
गेंदबाज से भिड़े जायसवाल
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. 37 के स्कोर पर ही भारत ने पहला विकेट गंवा दिया. केएल राहुल 18 रन बनाकर लाहिरू कुमारा का शिकार बने. इसके बाद यशस्वी जायसवाल भी 45 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. लेकिन आउट होने के बाद जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली, जिन्होंने विकेट हासिल करने के बाद सेंड ऑफ दिया. फिर कप्तान शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला. दोनों खिलाड़ियों के बीच शतकीय साझेदारी देखने को मिली. जिसने भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया.
कप्तान गिल और पडिक्कल का धमाका
कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए. जिसमें 6 चौके शामिल रहे. लेकिन अर्धशतक लगाते ही वो असिथा फर्नांडो का शिकार बन गए. ये श्रीलंका में उनका पहला टेस्ट अर्धशतक भी था. हालांकि, देवदत्त पडिक्कल ने एक छोर को संभाले रहा और 193 गेंदों का सामना करते हुए 117 रन बनाए. लेकिन केशारा नुवांथा की एक शानदार पारी के चलते उनकी पारी का अंत हुआ. ये उनका लगातार दूसरा शतक है, सीरीज के पहले मैच में भी उन्होंने एक शतकीय पारी खेली थी.
ऋषभ पंत को लगी चोट
फिर ऋषभ पंत भी 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. पंत की कलाई पर गेंद लगी, जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. जिसके चलते रवींद्र जडेजा को इस पारी में छठे स्थान पर खेलने का मौका मिला. उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया और 83 गेंदों पर 43 रन बनाए. हालांकि, वो अपनी पारी के अंत में थोड़ी परेशान में नजर आए. क्रैम्प्स के चलते मुकाबला भी रोका गया, लेकिन उन्होंने खेलना जारी रखा और फिर असिथा फर्नांडो की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. वहीं, ध्रुव जुरेल 7 रन और सारांश जैन 4 रन बनाकर नाबाद रहे.
दूसरी ओर, श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट अपने नाम किए. वहीं, लाहिरू कुमारा और केशारा नुवांथा को 1-1 सफलता मिली. बाकी गेंदबाज ज्यादा कुछ खास नहीं कर सके और भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहा. अब खेल के दूसरे दिन भारत की नजर बड़े स्कोर पर रहेगी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More