IND vs SL 1st Test: पडिक्कल का पहला शतक, भारत बड़े स्कोर की ओर

Published on 15 अग॰ 2026

IND vs SL Test Series: 15 अगस्त को जब देश 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा था, उसी दिन टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में अपने 600वें टेस्ट मुकाबले का आगाज किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट पर 288 रन बना लिए हैं. यशस्वी जायसवाल के रन आउट होने के बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी की. राहुल ने 77 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ते हुए नाबाद 131 रन बना लिए हैं. अब दूसरे दिन ऋषभ पंत और डेब्यूटेंट मानव सुथार पर खास नजरें रहेंगी.

रन आउट हुए यशस्वी

गॉल में खेले जा रहे इस टेस्ट में भारत की शुरुआत संभलकर हुई. यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 32 रन के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल एक गलतफहमी के कारण रन आउट हो गए. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर आए और उन्होंने राहुल के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाल लिया. दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए. राहुल ने 77 रन बनाए, लेकिन हाथ में परेशानी और ऐंठन के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. उनकी जगह कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए आए.

पडिक्कल ने जड़ा पहला शतक

नंबर-3 पर बैटिंग करने आए पडिक्कल ने मौके का पूरा फायदा उठाया. उन्होंने 134 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया. अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 1 छक्का लगाया. शतक पूरा करने के बाद उन्होंने हेलमेट उतारकर बल्ला उठाया और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया.

गिल का नहीं चला बल्ला

श्रीलंका के खिलाफ पहले पारी में बैटिंग करने के लिए उतरे गिल ज्यादा देर नहीं टिक नहीं सके और 16 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ऋषभ पंत ने क्रीज पर आते ही अपने अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी. बारिश के कारण मुकाबला कई बार रुका, लेकिन खेल दोबारा शुरू होने के बाद भारत ने तेजी से रन बनाना जारी रखा. दिन का खेल खत्म होने तक देवदत्त पडिक्कल 131 रन और ऋषभ पंत 27 रन बनाकर नाबाद लौटे.

Also Read: AUS vs BAN: 426 रन पर सिमटी बांग्लादेश की पहली पारी, तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू 161/4

दूसरे दिन पडिक्कल-पंत की जोड़ी पर नजर

अब दूसरे दिन टीम इंडिया की नजर बड़े स्कोर पर होगी. देवदत्त पडिक्कल के साथ ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों के बीच 52 रनों की तेज साझेदारी हो चुकी है. पंत ने आते ही अपने आक्रामक तेवर दिखाए और 27 रन बनाकर नाबाद हैं. ऐसे में दूसरे दिन उनकी बल्लेबाजी पर खास नजर रहेगी. साथ ही डेब्यू कर रहे मानव सुथार से भी उम्मीदें होंगी, जिन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में जगह बनाई है. भारत के पास अभी 8 विकेट बाकी हैं और स्कोर 288 रन है. ऐसे में अगर पडिक्कल और पंत पहले सत्र में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, तो टीम इंडिया गॉल की पिच पर एक बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है.

भारत की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

श्रीलंका की प्लेइंग-11: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंथा, असिथा फर्नांडो और लाहिरू कुमारा.

Also Read: आखिरी ओवर में चाहिए थे 19 रन, बचा था केवल 1 विकेट... लास्ट बॉल पर यश गर्ग ने कर दिया कुछ ऐसा