IND vs WI 2nd T20: रांची में जो कभी किसी से नहीं हुआ, श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया हासिल करेगी वो मुकाम?

Published on 7 अक्टू॰ 2026

IND vs WI 2nd T20: रांची में जो कभी किसी से नहीं हुआ, श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया हासिल करेगी वो मुकाम?

रांची में खेला जाएगा दूसरा टी20 मैचImage Credit source: PTI

वनडे सीरीज के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का आगाज भी वैसा ही रहा, जैसा तय माना जा रहा था. भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराते हुए सीरीज में बढ़त हासिल की. इस जीत का सबसे खास पहलू रहे कप्तान श्रेयस अय्यर, जिन्होंने पहली बार इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए शतक लगाया. अब नजरें दूसरे टी20 पर लग गई हैं, जो रांची में खेला जाएगा. इस मैच में सिर्फ नतीजे पर ही नहीं बल्कि ये इस बात पर भी नजर होगी कि क्या 200 रन का आंकड़ा पार होता है या नहीं.

रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा. इस मैदान पर 3 साल से भी ज्यादा वक्त के बाद कोई टी20 मैच खेला जाना है. पिछली बार यहां 2023 में भारत और न्यूजीलैंड की टक्कर हुई थी, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में भारतीय टीम JSCA स्टेडियम में जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी.

रांची में क्या है सबसे बड़ा स्कोर?

JSCA स्टेडियम में ये पांचवां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा. 2016 में इस मैदान पर पहला टी20 मैच खेला गया था और तब से अब तक 4 मुकाबलों में से 3 भारत ने जीते हैं, जबकि एक में ही हार मिली है. ऐसे में भारतीय टीम से फिर जीत की उम्मीद होगी. मगर उससे भी ज्यादा उत्सुकता ये देखने की है कि क्या इस मैदान पर आखिरकार 200 रन की दीवार टूटती है या नहीं.

असल में रांची स्टेडियम में अभी तक कुल 8 पारियों में बल्लेबाजी हुई है लेकिन एक बार भी 200 रन नहीं बने हैं. इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 196 रन का है, जो 2016 में सबसे पहले ही मैच में बना था. ये स्कोर भारतीय टीम ने बनाया था. मगर इसके अलावा यहां 176, 155, 153 और 127 रन जैसे ही स्कोर बने हैं.

कौन पहले छुएगा 200 का आंकड़ा?

यानि भारत और वेस्टइंडीज के पास इस इंतजार को खत्म करने का मौका है. जिस तरह के बल्लेबाज भारतीय टीम में हैं, उनके लिए 200 रन बनाना कोई बड़ी बात नहीं है. हालांकि, इसमें सबसे जरूरी पहलू ये है कि टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करे क्योंकि उसी स्थिति में उसके पास 200 रन बनाने का सबसे अच्छा मौका रहेगा. हालांकि, टीम इंडिया के सामने एक परेशानी ये भी है कि क्या संजू सैमसन को आगे भी मौका दें या लगातार नाकामी के बाद उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को उतारें. अगर वैभव खेलते हैं तो 200 रन बनने की संभावना बढ़ जाएगी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button