Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, सुनामी का 3 मीटर अलर्ट जारी, मची अफरा-तफरी

Published on 15 अग॰ 2026

Time Published: Saturday, August 15, 2026, 8:16 [IST]

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप के पास शनिवार सुबह आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 7.7 रही और इसका केंद्र फ्लोरेस द्वीप के उत्तरी तट के पास एंडे से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था।

तेज झटकों के बाद कई ऑफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए, जिनमें एक की तीव्रता 6.1 रही। भूकंप के बाद इंडोनेशिया की BMKG ने सुनामी की चेतावनी जारी की और कुछ तटीय इलाकों में 0.5 से 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे, जबकि अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Indonesia Earthquake

7.7 तीव्रता के भूकंप से कांपा फ्लोरेस द्वीप

इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप के पास शनिवार सुबह जोरदार भूकंप आया। USGS के अनुसार इसकी तीव्रता 7.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र फ्लोरेस द्वीप के उत्तरी तट के पास एंडे से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। तेज झटकों के बाद इलाके में कई ऑफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। इनमें से एक की तीव्रता 6.1 बताई गई है। भूकंप के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: Indonesia Fire: इंडोनेशिया में चलती फेरी बनी आग का गोला, 5 की मौत, 41 लोग अब भी लापता

3 मीटर तक लहरों का सुनामी अलर्ट

भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भू-भौतिकी एजेंसी यानी BMKG ने सुनामी की चेतावनी जारी की। एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक सुनामी मॉडलिंग में पूर्वी नुसा तेंगारा, दक्षिणी सुलावेसी और पश्चिमी नुसा तेंगारा के कुछ हिस्सों में खतरे की आशंका सामने आई। इन इलाकों के लिए आधा मीटर से लेकर 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरों का अलर्ट जारी किया गया है।

अस्पताल से बाहर भागने लगे मरीज

भूकंप के तेज झटकों के बाद लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। अस्पताल में मौजूद मरीज भी घबराकर बाहर निकलने लगे। AFP से अस्पताल में काम करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अचानक सब कुछ हिलने लगा और झटका काफी जोरदार था। अधिकारियों की टीमें प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन कर रही हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

तटीय इलाकों से ऊंचे स्थानों की ओर गए लोग

सुनामी की चेतावनी के बाद तटीय इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। फ्लोरेस द्वीप के मौमेरे शहर में लोगों को ऊंचे इलाकों की तरफ जाते देखा गया। AFP के मुताबिक इलाके में समुद्र का पानी पीछे हटता भी दिखाई दिया। समुद्र का इस तरह पीछे हटना सुनामी से पहले दिखने वाले संभावित संकेतों में शामिल हो सकता है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

रिंग ऑफ फायर में होने से भूकंप का खतरा

इंडोनेशिया और उसके आसपास का क्षेत्र भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह इलाका प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में आता है, जो जापान से दक्षिण-पूर्व एशिया और प्रशांत बेसिन तक फैला है। यहां कई टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी जैसी घटनाएं होती रहती हैं। साल 2004 में सुमात्रा के तट पर 9.1 तीव्रता के भूकंप के बाद आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई थी।