Indore News: खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई: 4 हजार किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त, कई दुकानों पर नोटिस - Haribhoomi

Published on 26 अग॰ 2026

इंदौर में त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाणगंगा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने करीब 4 हजार किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की और कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। बिना लाइसेंस चल रही एक यूनिट का निर्माण कार्य भी बंद कराया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Indore Food Safety

4 हजार किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त, कई दुकानों पर नोटिस

  • Published: 26 Aug 2026, 11:40 AM IST
  • Last Updated: 26 Aug 2026, 11:40 AM IST

इंदौर: त्योहारों के सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। बाणगंगा और आसपास के इलाकों में टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर करीब 4 हजार किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की। इस दौरान चना, मूंगफली, परमल, मटर, धनिया पाउडर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

न्यू एनके चना परमल से 1950 किलो सामग्री जब्त
बाणगंगा क्षेत्र के विशाल नगर स्थित मेसर्स न्यू एनके चना परमल का निरीक्षण किया गया। यहां चना, पीनट और परमल की प्रोसेसिंग की जांच की गई। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने चना, पीनट और तली हुई मटर के कुल 5 नमूने लिए और करीब 1950 किलो खाद्य सामग्री जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई। संचालक को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस भी जारी किया गया।

शिवम ट्रेडर्स और अमरनाथ चना परमल भंडार पर कार्रवाई
बाणगंगा स्थित शिवम ट्रेडर्स से मूंगफली के चार नमूने लिए गए। इनमें दो पैक और दो खुले नमूने शामिल हैं। यहां से 280 किलो मूंगफली, जिसकी कीमत करीब 36,400 रुपये है, जब्त की गई।

इसी तरह अमरनाथ चना परमल भंडार से मूंगफली, चना और मटर के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। यहां से 1377 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 83,626 रुपये बताई गई है।

बिना लाइसेंस चल रही यूनिट का काम बंद
राजकुमार जायसवाल नाम की फर्म पर भी कार्रवाई की गई। टीम ने मूंगफली दाना और धनिया पाउडर के दो नमूने लिए। यहां से 450 किलो सामग्री, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, जब्त की गई। जांच के दौरान वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन नहीं मिला। इसके बाद निर्माण और प्रोसेसिंग का काम तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

बेकरी और रेस्टोरेंट से भी लिए सैंपल
शिकायतों के आधार पर जीवनदीप कॉलोनी स्थित सतगुरु बेकर्स का निरीक्षण किया गया। यहां बिना वैध पंजीयन के अस्वच्छ माहौल में केक तैयार किया जा रहा था। टीम ने केक का नमूना लिया। मनोरमा गंज के चाय ठिकाना से बन मस्का और पनीर, जबकि कुशवाहा नगर के यादव श्री रेस्टोरेंट से गुलाब जामुन और मोतीचूर लड्डू के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
कलेक्टर ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।