
iPhone से पहले किन Apple प्रोडक्ट्स में ‘i’ आया था?
iPhone का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में Apple और उसका मशहूर लोगो आ जाता है. दुनियाभर में Apple के इस फोन को लेकर जबरदस्त क्रेज है। नए iPhone की बिक्री शुरू होते ही कई लोग इसे खरीदने के लिए घंटों तक स्टोर के बाहर लाइन में खड़े रहते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर iPhone के नाम में लगा छोटा सा i क्या दर्शाता है?
कई लोगों को लगता है कि iPhone में i का मतलब सिर्फ Internet है. हालांकि, यह पूरी कहानी नहीं है. दरअसल, Apple के इस छोटे से अक्षर के पीछे कंपनी की ब्रांडिंग और Steve Jobs की सोच का खास कनेक्शन है. दिलचस्प बात यह है कि i का इस्तेमाल iPhone से काफी पहले शुरू हो चुका था.
iPhone से पहले iMac में आया था i
Apple ने पहली बार किसी प्रोडक्ट के नाम में i का इस्तेमाल 1998 में किया था. उस समय कंपनी ने iMac नाम का कंप्यूटर लॉन्च किया था। यह वह दौर था जब Apple मुश्किल आर्थिक दौर से गुजर रही थी और Steve Jobs कंपनी में वापस लौट चुके थे.
iMac के लॉन्च के दौरान Steve Jobs ने एक स्लाइड के जरिए बताया था कि नाम में इस्तेमाल होने वाला छोटा i आखिर किन चीजों को दिखाता है. यहीं से Apple के कई प्रोडक्ट्स के नाम के साथ i जोड़ने का सिलसिला शुरू हुआ.
Steve Jobs ने बताए थे i के पांच मतलब
लॉन्च के दौरान Steve Jobs ने बताया था कि i का सबसे पहला मतलब Internet है. उस समय इंटरनेट का इस्तेमाल आज जितना आसान नहीं था. iMac को इस तरह डिजाइन किया गया था कि लोग इंटरनेट से आसानी से कनेक्ट हो सकें. लेकिन i की कहानी सिर्फ Internet तक सीमित नहीं थी। Steve Jobs ने इसके चार और मतलब बताए थे.
पहला था Individual, यानी हर व्यक्ति की अपनी जरूरत और पहचान. दूसरा था Instruct, जिसका संबंध सीखने और सिखाने से था. तीसरा था Inform, यानी लोगों को जानकारी तक आसानी से पहुंच दिलाना. वहीं चौथा मतलब था Inspire, यानी लोगों को कुछ नया करने और अपनी रचनात्मकता दिखाने के लिए प्रेरित करना. इस तरह एक छोटे से अक्षर में Apple ने कई अलग-अलग विचारों को जोड़ दिया था.
iMac से iPod और फिर iPhone तक
iMac के बाद i Apple की पहचान का हिस्सा बन गया. 2001 में कंपनी ने अपना पोर्टेबल म्यूजिक प्लेयर लॉन्च किया, जिसका नाम iPod रखा गया. इसके कुछ साल बाद 9 जनवरी 2007 को Steve Jobs ने दुनिया के सामने पहला iPhone पेश किया.
उस समय iPhone को सिर्फ एक फोन के तौर पर पेश नहीं किया गया था. Steve Jobs ने इसे फोन, टचस्क्रीन iPod और इंटरनेट कम्युनिकेटर का कॉम्बिनेशन बताया था। नाम में मौजूद i भी Apple की उसी पुरानी पहचान को आगे बढ़ाता था.
अब हर Apple प्रोडक्ट में i क्यों नहीं है?
समय के साथ टेक्नोलॉजी काफी बदल गई. इंटरनेट अब किसी खास डिवाइस की अलग पहचान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। शायद यही वजह है कि Apple के हर नए प्रोडक्ट के नाम में i देखने को नहीं मिलता.
Apple Watch, Apple TV और Apple Vision Pro जैसे प्रोडक्ट्स इसके उदाहरण हैं. फिर भी iPhone, iPad और iMac जैसे नामों में मौजूद i आज भी Apple के पुराने दौर, उसकी ब्रांडिंग और Steve Jobs की सोच की याद दिलाता है.
यानी iPhone का i सिर्फ Internet नहीं है. यह Apple की उस सोच का हिस्सा है, जिसमें इंटरनेट के साथ-साथ व्यक्ति, जानकारी, सीखने और कुछ नया करने की प्रेरणा को भी जगह दी गई थी.
यह भी पढ़ें- कान में फिट करने की जरूरत नहीं! Samsung ने उतारे नए Galaxy Buds On, क्लिप-ऑन डिजाइन ने खींचा ध्यान
Xiaomi का ये प्रीमियम फोन फिर हुआ महंगा, कीमत बढ़ने के बाद अब इतने में मिलेगा

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More