Iran Hit List: ट्रंप-नेतन्याहू-मेलोनी, ईरान ने जारी की 13 लोगों की हिट-लिस्ट, बदले की खाई कसम

Published on 13 जुल॰ 2026

Time Published: Monday, July 13, 2026, 13:10 [IST]

Iran Hit List: ईरान की राजधानी तेहरान में एक अखबार ने शनिवार को एक फोटो छापी। जिसमें अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जेल की ड्रेस में दिखाया। इसके अलावा 11 और लोग थे जिनके फोटो और नाम इस फेहरिस्त में शामिल हैं। इन सभी लीडर्स के माथे पर निशाना लगाया गया और साथ में लिखा है बदला निश्चित है। भले ही ये फोटो AI जनरेटेड हो लेकिन तेहरान ने बता दिया है कि उसके निशाने पर कौन-कौन है।

13 बड़े ग्लोबल लीडर्स की हत्या की तैयारी?

'हमशहरी' अखबार के इस ग्राफिक में कुल 13 अमेरिकी, इजरायली और यूरोपीय राजनीतिक व सैन्य हस्तियों को दिखाया गया है। अखबार ने इन सभी को पूर्व ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। आपको बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के एक हवाई हमले में अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिस्के बाद इस युद्ध की शुरुआत हुई थी और अब ईरान बदला लेने की बात कह रहा है।

Iran Hit List

रुबियो और हेगसेथ समेत कई चेहरों को बनाया निशाना

इस विवादित ग्राफिक में डोनाल्ड ट्रम्प और बेंजामिन नेतन्याहू के साथ-साथ अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, सेंटकॉम कमांडर ब्रैड कूपर और इजरायल मे अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी को भी शामिल किया गया है। इन सभी की तस्वीरों को भी उसी तरह पेश किया गया है। इस फोटो में ईरान की मंशा साफ झलक रही है कि ईरान सिर्फ ट्रंप और नेतन्याहू को नहीं बल्के उनके ऑपरेशन को एक्जीक्यूट करने वाले लोगों को भी छोड़ना नहीं चाहता।

मेलोनी को भी मारना चाहते ईरानी

अखबार ने इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़, विदेश मंत्री गिदोन साआर और आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ इयाल ज़मीर को भी जेल की यूनिफॉर्म में दिखाया है। इसके साथ ही, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ को भी इसमें जगह दी गई है।

इन चार यूरोपीय नेताओं को शामिल करके अखबार ने अपनी रिवेंज लिस्ट का दायरा उन अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों से भी आगे बढ़ा दिया है, जो सीधे तौर पर इस जंग से जुड़े हैं, जिस्के कारण अब यह अंतर्राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। गौर करने वाली बात है कि जॉर्जिया मेलोनी ने शुरुआत से ही इस युद्ध से दूरी बनाकर रखी थी। यहां तक कि उन्होंने इटली की जमीन अमेरिका को इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी थी।

अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने टीवी पर दी सख्त चेतावनी

यह ग्राफिक ठीक उसी समय सामने आया है जब ईरान के नए सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता के दफन होने के कार्यक्रम शुरू होने के बाद अपना पहला मैसेज जारी किया। उन्होंने अपने इस मैसेज मे उन सभी लोगों से बदला लेने का कड़ा संकल्प लिया है जो उनके पिता की मौत के जिम्मेदार हैं, और उन्होने इसके लिए पूरी तैयारी की बात कही है।

दूसरी तरफ इस लिस्ट के बाहर आते ही अमेरिकी, इजरायली और यूरोपीय एजेंसिया अलर्ट मोड पर चली गई हैं। अब देखना होगा कि ईरान अपने रहनुमा की हत्या का बदला लेगा या अभी भी समझौते की गुंजाइश बनेगी।

इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में जरूर बताएं।