
प्रणव इलांगोImage Credit source: Linkedin/Pranav Ilango
भारत में 12वीं के बाद अधिकतर छात्र इंजीनियरिंग या मेडिकल में करियर बनाने के लिए JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. लेकिन तमिलनाडु के 17 वर्षीय प्रणव इलंगो ने इस आम रास्ते से हटकर पढ़ाई, रिसर्च और सामाजिक काम को अपनी ताकत बनाया. उनकी मेहनत का नतीजा यह रहा कि उन्हें अमेरिका की प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए करीब 3.55 करोड़ रुपये की फुल स्कॉलरशिप मिली है. खास बात यह है कि प्रणव ने छोटी उम्र से ही अपने लिए अलग लक्ष्य तय किया और एकेडमिक उपलब्धियों के साथ पब्लिक हेल्थ और कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में भी काम किया.
शुरू से चुना अलग रास्ता
प्रणव तमिलनाडु के इरोड के रहने वाले हैं. उनके माता-पिता दोनों कॉलेज में पढ़ाते हैं. छठी कक्षा में उन्होंने CBSE के बजाय Cambridge IGCSE बोर्ड चुना. इसके बाद उन्होंने A-Levels की पढ़ाई की. IGCSE के सभी नौ विषयों में उन्हें A+Star ग्रेड मिला, जबकि A-Levels के छह विषयों में भी उन्होंने सबसे ऊंची ग्रेड हासिल की.
कक्षा 8 से वह Dexterity Global के मेंटरशिप प्रोग्राम से जुड़े. यहां उन्हें केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि विदेश में उच्च शिक्षा, व्यक्तिगत विकास और समाज के लिए काम करने की दिशा में भी मार्गदर्शन मिला. इसी दौरान उन्हें समझ आया कि भारत के बाहर भी अच्छे विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ पढ़ाई का अवसर मिल सकता है.
मैथ्स से पब्लिक हेल्थ तक पहुंचा सफर
प्रणव को बचपन से मैथ्स और आंकड़ों में रुचि थी, लेकिन बाद में उनका झुकाव पब्लिक हेल्थ की ओर बढ़ा. कक्षा 11 में उन्होंने अपने दोस्त के साथ Tamil Nadu Cancer Statistics Project शुरू किया. इसके लिए उन्होंने कैंसर से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन किया और उन्हें एक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया.
उन्होंने इरोड, कोयंबटूर और आसपास के इलाकों में कैंसर जागरूकता अभियान भी चलाया. तमिल भाषा में पर्चे बांटकर लोगों को शुरुआती जांच के महत्व के बारे में बताया. उनका मानना है कि समय पर बीमारी की पहचान होने से इलाज की संभावना बेहतर हो सकती है.
चेस में भी दिखाया दम
प्रणव की उपलब्धियां पढ़ाई और रिसर्च तक सीमित नहीं हैं. वह प्रतियोगी शतरंज भी खेलते हैं और उनकी FIDE रेटिंग करीब 1800 है. वह फ्रांस में हुए टूर्नामेंटों में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
Brown University में क्या पढ़ेंगे?
ब्राउन यूनिवर्सिटी में प्रणव को वहां के ओपन करिकुलम का लाभ मिलेगा. वह Applied Mathematics और Public Health को साथ लेकर पढ़ाई करना चाहते हैं. आगे चलकर वह भारत लौटकर स्वास्थ्य क्षेत्र में अपने रिसर्च अनुभव का इस्तेमाल करना चाहते हैं. उनका लक्ष्य विदेश में पढ़ाई के बाद भारत में कुछ नया शुरू करना है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More