
बिहार में बढ़ा मुफ्त कोचिंग का दायराImage Credit source: Getty Images
बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल की गई है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग का दायरा बढ़ा दिया है. अब राज्य के 155 मॉडल प्लस-टू स्कूलों में 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स को इस सुविधा का लाभ मिलेगा. इसके साथ ही करीब 700 मॉडल स्कूलों में विद्या साथी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म शुरू करने की तैयारी है. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को बेहतर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना है.
155 स्कूलों में मिलेगी JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग
BSEB ने JEE और NEET की तैयारी के लिए अपनी मुफ्त कोचिंग योजना को अब राज्य के 155 चुने हुए सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल प्लस-टू स्कूलों तक पहुंचाया है. इन स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं के छात्र इसका फायदा उठा सकेंगे. खासकर ऐसे स्टूडेट्स को मदद मिलेगी जो निजी कोचिंग की महंगी फीस नहीं भर सकते.
इस योजना के तहत अनुभवी शिक्षकों की मदद से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुसार पढ़ाया जाएगा. बोर्ड पहले पटना के कुछ स्कूलों में शाम की कक्षाओं के जरिए इस पहल की शुरुआत कर चुका है. बाद में इसे ऑनलाइन माध्यम और अन्य मॉडल स्कूलों तक बढ़ाया गया. विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET के पैटर्न को ध्यान में रखकर सब्जेक्ट वाइज वीडियो लेक्चर भी तैयार किए गए हैं.
700 स्कूलों में शुरू होगा विद्या साथी प्लेटफॉर्म
BSEB अब डिजिटल एजुकेशन को भी मजबूत करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए विद्या साथी नाम का इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है. इसे करीब 700 मॉडल स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा.
इस प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थी अपने सवाल शिक्षकों से पूछ सकेंगे. साथ ही उन्हें PDF और अन्य डिजिटल स्टडी मटेरियल भी मिलेगा. जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय कर जल्द सभी स्कूलों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.
आवासीय और गैर-आवासीय कोचिंग की सुविधा
पटना के दरियापुर स्थित पटना कॉलेजिएट स्कूल और गोलघर स्थित बांकीपुर गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में आवासीय कोचिंग की व्यवस्था है. वहीं पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और भागलपुर में गैर-आवासीय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं. भविष्य में BSEB मुख्यालय में स्टूडियो बनाने की भी योजना है जहां से लाइव कक्षाएं विभिन्न स्कूलों तक पहुंचाई जा सकेंगी.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More