वंदे मातरम् पर JMM का पलटवार, भाजपा से पूछा- महंगाई, रोजगार व किसानों के सवालों का जवाब कौन देगा?

Published on 23 अग॰ 2026

Ranchi News : वंदे मातरम् को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भाजपा पर निशाना साधा है. पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि भाजपा को वंदे मातरम् के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय महंगाई, रोजगार, किसान और झारखंड के विकास से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए.

JPSC Protest : ना छात्र, न नौकरी की तलाश, न गार्जियन, फिर कौन है अमिशा प्रसाद?
डॉ वी नारायणन ने नेशनल स्पेस डे पर ISRO की ऐतिहासिक उपलब्धियों की चर्चा की

JMM ने कहा कि जब जनता महंगाई, किसानों की आमदनी, युवाओं को रोजगार, चीन और झारखंड के खनिज जैसे मुद्दों पर सवाल करती है, तो भाजपा नए मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश करती है. पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा घुसपैठ, राष्ट्रवाद और धर्म जैसे मुद्दों को आगे करती है.

JMM ने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान रोजगार बढ़ाने, किसानों की आय दोगुनी करने और आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा जैसे कई वादे किए थे. अब जब जनता इन वादों का हिसाब मांग रही है, तो वंदे मातरम् को लेकर नया विवाद खड़ा किया जा रहा है. पार्टी ने कहा कि वंदे मातरम् किसी एक दल की संपत्ति नहीं है. भारत सभी देशवासियों का है और देशभक्ति का अधिकार भी सभी को है.

आदिवासी समाज को देशभक्ति सिखाने पर भी JMM ने भाजपा को घेरा. पार्टी ने कहा कि झारखंड की धरती बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव और तिलका मांझी जैसे वीरों की धरती है. यहां के लोगों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है.

साहिबगंज और पाकुड़ में घुसपैठ के मुद्दे पर JMM ने केंद्र सरकार से सवाल किया. पार्टी ने कहा कि केंद्र में लंबे समय से भाजपा की सरकार है और सीमा की सुरक्षा केंद्र की जिम्मेदारी है. ऐसे में अगर घुसपैठ हो रही है तो इसे रोकने के लिए अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसका जवाब दिया जाना चाहिए.

JMM ने आरोप लगाया कि भाजपा हर सवाल का जवाब घुसपैठ और हर समस्या का समाधान राष्ट्रवाद के मुद्दे में तलाश रही है. पार्टी ने कहा कि केवल नारे लगाने से रोजगार नहीं मिलेगा और पुराने मुद्दों की चर्चा करने से 2026 के चुनावी वादे पूरे नहीं होंगे.

JMM ने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल नारों और वादों पर भरोसा नहीं करेगी, बल्कि सरकार से काम का हिसाब मांगेगी. पार्टी ने यह भी कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हो या झारखंड की सरकार, जनता सभी से उनके काम का जवाब मांग रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.