कैथल होटल सेक्स रैकेट: 7 लोग पकड़े गए, संचालक पर केस - Haribhoomi

Published on 21 जुल॰ 2026

Kaithal Sex Racket: कैथल के होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, 7 लोग आपत्तिजनक हालत में मिले; होटल संचालक पर केस दर्ज

हरियाणा के कैथल में होटल पर पुलिस की रेड में कथित देह व्यापार का खुलासा। 7 लोग हिरासत में, होटल संचालक पर इम्मोरल ट्रैफिक एक्ट के तहत मामला दर्ज।

Sex racket

कैथल में होटल से पकड़ी गई युवतियां।

  • Published: 21 Jul 2026, 04:05 PM IST
  • Last Updated: 21 Jul 2026, 05:12 PM IST

कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस ने एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। करनाल बाईपास के पास स्थित 'फाइव स्टार' होटल में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें तीन युवक, तीन युवतियां और एक अन्य युवक शामिल है। मामले में होटल संचालक डिंपल (निवासी कैथल) के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट, 1956 के तहत सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया गया है।

ग्राहकों के सामने तय होती थी डील
सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश चंद्र के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल संचालक कथित तौर पर बाहर से युवतियों को पैसों का लालच देकर बुलाता था और ग्राहकों के सामने उनकी डील कराई जाती थी। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के लिए करनाल, नरवाना और आसपास के क्षेत्रों से युवतियों को कैथल लाया जाता था।

गुप्त सूचना पर पुलिस की रेड
पुलिस को काफी समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने सोमवार शाम होटल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कमरों से तीन युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। एक अन्य युवक भी मौके से हिरासत में लिया गया। सभी सात लोगों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, करनाल बाईपास स्थित गंदे नाले के पास बने इस होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें स्थानीय लोगों और गुप्त सूत्रों द्वारा दी जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और इसके बाद छापेमारी की कार्रवाई की।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच
मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल संचालक के अलावा इस कथित रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे। मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

SHO बोले- अनैतिक गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस होटल, गेस्ट हाउस और स्पा सेंटरों पर लगातार निगरानी रख रही है। कहीं भी कानून का उल्लंघन मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट: पुलिस ने इस मामले में जांच जारी होने की जानकारी दी है। हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में अंतिम कानूनी स्थिति जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।