सोनीपत जिले में नेशनल हाइवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और यातायात बाधाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बुधवार को कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बड़ा संयुक्त अभियान चलाया।
.
अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। जबकि यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया
पुलिस और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के मार्गदर्शन में एसएचओ ट्रैफिक मुरथल निरीक्षक बलवान सिंह ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एनएचएआई अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाया। टीम ने केएमपी एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना बताया गया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर पलटा हुआ वाहन।
राइट ऑफ वे क्षेत्र से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार का कब्जा मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम ने एक्सप्रेसवे पर अवैध रूप से खड़े होकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को इम्पाउंड (जब्त) किया गया ताकि एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
वाहन ड्राइवरों से नियमों का पालन करने की अपील
अभियान के दौरान वाहन ड्राइवरों से अपील की गई कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें, एक्सप्रेसवे के राइट ऑफ वे क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
भविष्य में भी जारी रहेगा विशेष अभियान
सोनीपत पुलिस ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेसवे को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने, यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु रखने और सड़क सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सभी की साझा जिम्मेदारी है।