Kota News: पानी के खुले टैंक में डूबा ढाई साल का मासूम, पिता बोले- ढंका हुआ होता तो नहीं जाती जान

Published on 15 अग॰ 2026

शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में ढाई साल के मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। बच्चा तीन दिन पहले ही अपने नाना के घर आया था। हादसे के वक्त उसके माता-पिता झंडे बेचने के लिए बाहर गए हुए थे। लौटने पर बच्चा घर पर नहीं मिला तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद खुले पानी के टैंक में बच्चे का शव मिला। परिजनों ने टैंक का ढक्कन नहीं लगाए जाने को हादसे की वजह बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



मृतक बच्चे के पिता दिलखुश बारां जिले के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। उनके दो जुड़वां बच्चे हैं। दिलखुश की पत्नी तीन दिन पहले दोनों बच्चों को लेकर कोटा के तलवंडी स्थित अपने नाना के घर आई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय दिलखुश और उनकी पत्नी दोनों बच्चों को घर पर छोड़कर झंडे बेचने के लिए बाहर गए थे। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो ढाई साल का अक्षु घर में नहीं मिला। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की। बच्चा नहीं मिलने पर उन्हें आशंका हुई कि कहीं उसे कोई अपने साथ तो नहीं ले गया।

विज्ञापन



बच्चे की तलाश में परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। इसी दौरान पानी के टैंक के पास एक गेंद तैरती हुई दिखाई दी। परिजनों ने टैंक को चेक किया तो उसमें मासूम का शव मिला। इसके बाद बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: Dausa: तीन घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा शव, थाना सीमा के चक्कर में पुलिस करती रही बहस, इंसानियत ने दम तोड़ा



जवाहर नगर थाना एएसआई महेंद्र सिंह हाड़ा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए परिजनों से समझाइश की जा रही है। साथ ही पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



मृतक मासूम के पिता दिलखुश ने आरोप लगाया कि पानी के टैंक पर ढक्कन नहीं लगा हुआ था। उनका कहना है कि अगर टैंक ढंका हुआ होता तो शायद यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने टैंक को खुला छोड़ने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।