Updated: Friday, August 28, 2026, 17:38 [IST]
Priyanka Chopra Mother Madhu On Kriti Sanon: कृति सेनन का विवादों में घिरा रक्षा बंधन विज्ञापन भले ही ज्वैलरी ब्रांड ने हटा दिया हो लेकिन इसको लेकर शुरू हुआ विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐड को लेकर पहले कंगना रनौत ने सवाल उठाए थे और अब ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने भी अपनी राय रखी है। उन्होंने कृति सेनन के विज्ञापन में पहने गए आउटफिट पर टिप्पणी करते हुए कहा- मेरा शरीर, मेरी पसंद की सोच अपनी जगह सही है लेकिन किसी भी मौके की गरिमा और सांस्कृतिक भावनाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।
मधु चोपड़ा ने दायरा रखने की बात कही
मुंबई में एक कार्यक्रम में पहुंचीं डॉ. मधु चोपड़ा से जब कृति सेनन के विवादित रक्षा बंधन विज्ञापन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- मेरा शरीर, मेरी पसंद, सही विचार है लेकिन इसके साथ एक दायरा भी होना चाहिए।
'मौके और जगह को देखकर कपड़े पहनें'
-मधु चोपड़ा ने कहा- अपनी पसंद के साथ-साथ दूसरे लोगों की भावनाओं और मूल्यों का सम्मान करना भी जरूरी है। कुछ कपड़े और चीजें ऐसी जगहों पर सामान्य हो सकती हैं जहां उन्हें उसी तरह स्वीकार किया जाता है लेकिन हर मौके और जगह के लिए उन्हें उपयुक्त नहीं माना जा सकता।
-प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने आगे कहा- आज के समय में युवा कई तरह के आउटफिट पहनते हैं और इसमें कोई बुराई नहीं है। उन्होंने खुद के परिवार का उदाहरण देते हुए कहा- बच्चे काम या अपनी पसंद के लिए अलग-अलग तरह के कपड़े पहनते हैं लेकिन ये भी देखना चाहिए कि वो किस मौके पर क्या पहन रहे हैं। मधु चोपड़ा ने कहा कि किसी खास अवसर पर व्यक्ति का पहनावा उस माहौल और अवसर के अनुरूप होना चाहिए। अगर लोगों को वह उपयुक्त नहीं लगेगा तो स्वाभाविक तौर पर उस पर सवाल उठेंगे।
क्या था कृति सेनन के रक्षा बंधन ऐड में?
-दरअसल ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने रक्षा बंधन के मौके पर कृति सेनन के साथ एक विज्ञापन जारी किया था। इसमें एक्ट्रेस आइवरी रंग के ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, मैचिंग केप और लॉन्ग स्कर्ट में नजर आई थीं। विज्ञापन में कृति सेनन अपने ऑन-स्क्रीन भाई के साथ-साथ एक पालतू डॉग को भी राखी बांधती दिखाई दी थीं।
-विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई थी। कुछ लोगों ने कृति सेनन के कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई जबकि कुछ यूजर्स ने डॉग को राखी बांधने वाले हिस्से पर भी सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन को हटा दिया।
कृति सेनन ने ट्रोलिंग के बाद दी थी सफाई
-विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि रक्षा बंधन उनके लिए सिर्फ एक रस्म नहीं बल्कि भाई-बहन के बीच सुरक्षा, प्यार और एक-दूसरे की सेहत व खुशियों की कामना का रिश्ता है।
-कृति सेनन ने ये भी कहा था कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और उनके लिए ये रिश्ता किसी भाई-बहन के रिश्ते से कम नहीं है। उन्होंने अपने पालतू डॉग को भी परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा था कि उसके लिए भी वही प्यार और भावनाएं हैं।
-एक्ट्रेस ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली बहस पर भी सवाल उठाया था। उनका कहना था कि समय के साथ एथनिक फैशन बदलता रहा है लेकिन आज भी महिलाओं के कपड़ों के आधार पर उनकी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान को आंकने की कोशिश की जाती है। कृति ने जोर देकर कहा था कि संस्कृति और परंपराएं इंसान के दिल में होती हैं सिर्फ कपड़ों की नेकलाइन में नहीं।
नुपूर सेनन ने भी बहन कृति का किया था बचाव
-इस पूरे विवाद के बीच कृति सेनन की बहन नुपूर सेनन भी उनके समर्थन में सामने आई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को जवाब देते हुए कहा था कि किसी दूसरी महिला के पहनावे से इतनी परेशानी क्यों होनी चाहिए।
-नुपूर ने यह भी कहा था कि कृति उनकी बहन हैं और वह वही शख्स हैं जिसे कृति राखी बांधती हैं। जब उन्हें इस बात से कोई परेशानी नहीं है, तो दूसरों को इससे आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
कंगना रनौत ने भी ऐड पर साधा था निशाना
-कृति सेनन के विज्ञापन की आलोचना करने वालों में एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत भी शामिल थीं। उन्होंने ऐड को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब किसी महिला के पास कपड़े पहनने के इतने विकल्प मौजूद हैं तो क्या वह अपने भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनना पसंद करेगी?
-हालांकि रनौत बाद में कंगना ने अपने बयान को लेकर सफाई देते हुए कहा कि उनकी आपत्ति वास्तव में कृति के कपड़ों को लेकर नहीं थी। उन्होंने कहा कि विज्ञापन में जिस तरह से रक्षा बंधन को दिखाया गया, वो उन्हें ज्यादा परेशान करने वाला लगा।
कंगना ने कहा था- ब्रालेट नहीं, त्योहार को दिखाने के तरीके से थी परेशानी
-दूरदर्शन के साथ बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि उनके मुताबिक ब्रालेट इस पूरे मामले का मुख्य मुद्दा नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि विज्ञापन में रक्षा बंधन के पारंपरिक माहौल की झलक क्यों नहीं दिखाई गई।
-कंगना रनौत ने कहा कि त्योहार के दौरान घर का माहौल, पूजा-पाठ, देवी-देवताओं की तस्वीरें, टीका, धूप, दीया और पारंपरिक भोजन जैसी चीजें आम तौर पर देखने को मिलती हैं लेकिन विज्ञापन में इनमें से कुछ भी नजर नहीं आया। उनके मुताबिक वह इसी बात को लेकर हैरान और परेशान थीं।
पुराना ऐड सामने आने के बाद कंगना रनौत भी हुई थीं ट्रोल
-दिलचस्प बात ये है कि कृति सेनन के ऐड पर सवाल उठाने के बाद कंगना रनौत का करीब 9 साल पुराना एक राखी विज्ञापन भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कंगना खुद डीप नेक और ऑफ-शोल्डर ड्रेस में नजर आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना रनौत से उनके पुराने विज्ञापन को लेकर भी सवाल किए थे।
-फिलहाल कृति सेनन के रक्षा बंधन ऐड को लेकर शुरू हुई बहस एक बार फिर चर्चा में है। जहां एक तरफ कृति अपने पहनावे और त्योहार को लेकर अपनी सोच स्पष्ट कर चुकी हैं, वहीं मधु चोपड़ा और कंगना रनौत के बयानों ने इस बहस को एक नया मोड़ दे दिया है।