India vs Zimbabwe, 2nd T20I Live Cricket Score: भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरे टी20 मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 219 रनों का स्कोर खड़ा किया. जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. अशोक शर्मा की जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है. पहले मैच में फ्लॉप रहने वाले अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए पहले ही ओवर में ताबड़तोड़ अंदाज में शुरुआत की. लेकिन वह इस पारी को और बड़ा नहीं बना सके और महज 8 रन बनाकर आउट हो गए.
वैभव नहीं खेल सके बड़ी पारी
अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए पहले ही ओवर में ताबड़तोड़ अंदाज में शुरुआत की. पिछले मुकाबले में महज एक रन पर आउट होने वाले अभिषेक अच्छी लय में नजर आ रहे थे. लेकिन वह सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद पहले मैच के हीरो वैभव सूर्यवंशी ने टीम की कमान संभाली. पारी के तीसरे ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़ने के बाद वह कैच आउट हो गए. वैभव ने 9 गेंदों में 20 रन बनाए. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर 20 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए. ब्रायन बेनेट की गेंद पर वह ब्रैड इवांस को एक आसान सा कैच थमा बैठे.
ईशान किशन ने बनाए 81 रन
तीन विकेट गिरने के बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने का काम किया. दोनों ही बल्लेबाजों के बीच 43 गेंदों में 94 रनों की साझेदारी हुई. ईशान किशन ने 44 गेंदों में शानदार 81 रनों की पारी खेली. न्यूमैन न्यामुरी की गेंद पर ब्रायन बेनेट ने उनका कैच पकड़ने का काम किया.
— BCCI (@BCCI) July 25, 2026
तिलक वर्मा का अर्धशतक
तिलक वर्मा ने अपने टी20 करियर का नौंवा अर्धशतक जड़ने में सफलता हासिल की. तिलक वर्मा 29 गेंदों में 60 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे. भारत को पांचवां झटका रिंकू सिंह के रूप में लगा. वह 8 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए.
पहले मैच में भारत को मिली थी जीत
दूसरी तरफ मेजबान जिम्बाब्वे की टीम वापसी के लिए पूरा जोर लगाएगी. सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा था. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवरों में केवल 125 रन ही बना सकी. भारत की ओर से तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इस धमाकेदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
हरारे की पिच से किसे मिलेगा फायदा?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. यहां नई गेंद से रन बनाना काफी आसान रहेगा. बल्ले पर गेंद अच्छी तरह आएगी, जिससे पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया जा सकता है. हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच थोड़ी धीमी होगी और स्पिनरों को टर्न और ग्रिप मिलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- IPL में पूरे सीजन फिट... टीम इंडिया आते ही चोट! आखिर देश के लिए खेलते समय ही क्यों टूट रहे हैं भारत के स्टार खिलाड़ी?
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव.
जिम्बाब्वे (प्लेइंग इलेवन): ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), बेन करन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी.
---- समाप्त ----