पंजाब के जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने छात्रों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए रेगुलर क्लास को 10 दिनों के लिए सस्पेंड करने का फैसला लिया है. यूनिवर्सिटी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 28 सितंबर 2026 से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी. इसके साथ ही मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है. परीक्षा की नई तारीखों और शेड्यूल की जानकारी छात्रों को यूनिवर्सिटी के UMS के माध्यम से अलग से दी जाएगी.
यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने माता-पिता से चर्चा करने के बाद 10 दिन की अवधि के लिए घर जा सकते हैं. वहीं, जो छात्र कैंपस में ही रुकना चाहते हैं, उन्हें अपने हॉस्टल या रहने की जगह पर ही रहने की सलाह दी गई है. LPU की ओर से छात्रों से कहा गया है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और किसी भी तरह की अशांति या विवाद से जुड़ी गतिविधि में शामिल न हों.
UMS पर मिलती रहेगी जानकारी
यूनिवर्सिटी ने छात्रों से शांत रहने और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है. साथ ही छात्रों को आगे की सभी सूचनाओं और अपडेट के लिए UMS से जुड़े रहने को कहा गया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब LPU में पिछले दिनों एक छात्रा से कथित रेप की अफवाह को लेकर छात्रों का प्रदर्शन और हंगामा हुआ था. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है और जांच के लिए SIT का गठन किया गया है. पुलिस कथित घटना और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: पुलिस पर पथराव, फेंकी पानी की बोतलें, लाठीचार्ज LPU में नहीं थम रहा बवाल, कमरा नंबर 504 का सच क्या?
चितकारा विश्वविद्यालय में भी नहीं लगेंगी क्लासेस
वहीं, LPU में हुए हंगामे को देखते हुए पटिलायाल के चितकारा विश्वविद्यालय ने परिसर में दो छात्राओं की आत्महत्या संबंधी दावों को लेकर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस की एक गाड़ी में आगजनी की घटना के एक दिन बाद शैक्षणिक गतिविधियां एक अक्टूबर तक रोकने की रविवार को घोषणा की. पटियाला में राजपुरा के पास स्थित इस निजी विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि दो अक्टूबर को राष्ट्रीय अवकाश और उसके बाद सप्ताहांत होने के कारण नियमित कक्षाएं पांच अक्टूबर से फिर शुरू होंगी. उन्होंने बताया कि हालांकि शिक्षक और अन्य कर्मचारी प्रशासनिक कार्यों के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय आते रहेंगे.

मोहित मलहोत्रा
भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर
Read More