LPU में बवाल के बाद CM मान ने सख्त कार्रवाई के दिए आदेश, यूनिवर्सिटी में इंटरनेट बंद, 10 दिन की छुट्‌टी

Published on 28 सित॰ 2026

फगवाड़ा(उत्तम हिन्दू न्यूज)- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रा से कथित दुष्कर्म की सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूचना के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शन के मद्देनजर विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों को अभिभावकों की सहमति से घर जाने की अनुमति दी है, जबकि परिसर में रहने वाले विद्यार्थियों को हॉस्टल अथवा अपने निवास स्थान पर रहने और किसी भी तरह की अशांति से दूर रहने की सलाह दी गई है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी- CM भगवंत मान 
CM भगवंत मान ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने DGP गौरव यादव को घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है।” वहीं पंजाब महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कपूरथला के DC और SSP से FIR की कॉपी, SIT और अब तक की जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। आयोग ने यूनिवर्सिटी में गर्ल्स हॉस्टल के लिए किए सुरक्षा इंतजामों के बारे में भी जानकारी मांगी है।

विवाद की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। पुलिस के मुताबिक, कथित दुष्कर्म की शिकायत के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एलपीयू प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही दुष्कर्म की खबरों को अफवाह और बेबुनियाद बताते हुए छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

हिंसक हुआ छात्रों का प्रदर्शन

शनिवार देर रात और रविवार तड़के सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसके बाद आत्महत्या से जुड़ा संदेश प्रसारित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और परिसर में तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाएं हुईं। इसके बाद छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के दौरान पथराव हुआ और पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

पुलिस ने किया बल का इस्तेमाल

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को समझाने और बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य करने के प्रयास भी किए गए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को विश्वविद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। डीजीपी ने परिसर का दौरा कर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।

दुष्कर्म के आरोपों की जांच जारी

पुलिस ने छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, टीम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और छात्र प्रतिनिधि शामिल हैं। जांच में कथित घटना से जुड़े तथ्यों के अलावा सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी की जांच की जा रही है। अभी तक जांच एजेंसियों की ओर से कथित दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की गई है।

हाईवे पर घंटों प्रभावित रहा यातायात

प्रदर्शन के कारण जालंधर-फगवाड़ा मार्ग पर यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। छात्रों के सड़क पर बैठने और राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करने से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। बाद में पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर मार्ग को खुलवाया।

एलपीयू ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। विश्वविद्यालय के अनुसार, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित कक्षाएं 10 दिनों के लिए स्थगित की गई हैं। मिड-टर्म परीक्षाओं की नई तारीखों की जानकारी बाद में विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से दी जाएगी।

फिलहाल परिसर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You Might Be Interested In

  • ‘मैथ्स में नंबर कम आते थे…’, 7वीं की छात्रा ने बिल्डिंग की 10वीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत
  • अमेरिका ने भारत से आने वाले कुछ एल्युमिनियम उत्पादों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी हटाई
  • दिल्ली की अदालत ने यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को जारी किया नोटिस
  • एशियन गेम्स 2026 : सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, बारिश की भेंट चढ़ा अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच
  • उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, भीड़ ने किया पथराव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
  • भांग, चंदन और आभूषण से सजे बाबा महाकाल, राजा स्वरूप में किया गया दिव्य शृंगार