दतिया कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में जिलेभर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर स्वप्निल बानखड़े ने लोगों की शिकायतें सुनीं। संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
.
जनसुनवाई में एक दिव्यांग युवक ने रोजगार दिलाने की मांग की। इसके अलावा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास, सोलर कनेक्शन, पशुहानि की सहायता राशि और स्कूलों में मध्यान्ह भोजन से जुड़ी शिकायतें भी आईं।
दतिया के रिछरा फाटक निवासी भानु प्रकाश पटवा ने आवेदन देकर बताया कि वे जन्म से अस्थिबाधित दिव्यांग हैं। उन्होंने MA, BEd के साथ TET और सुपर TET (मुख्य) की परीक्षा भी दी है।

दतिया कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में जिलेभर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
आवेदन में उन्होंने बताया कि शारीरिक स्थिति के कारण कठिन श्रम नहीं कर सकते और पारिवारिक परिस्थितियां भी ठीक नहीं हैं। उन्होंने अतिथि शिक्षक पद या योग्यता के अनुसार अन्य रोजगार दिलाने की मांग की।
उन्होंने आवेदन में लिखा कि वे भीख मांगकर पेट भर सकते हैं, लेकिन ऐसा करना उनकी शिक्षा और डिग्री का अपमान होगा।
80% दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने की मांग
ग्राम तिलैथा निवासी ओमप्रकाश रावत ने बताया कि गैंगरीन के कारण पहले पैर का पंजा, फिर घुटने के नीचे और बाद में घुटने के ऊपर से पैर काटना पड़ा। वर्तमान में उनके पास 60% दिव्यांगता प्रमाण-पत्र है। जबकि डॉक्टरों ने उन्हें 80% दिव्यांग बताया है। उन्होंने नया दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के साथ दिव्यांग साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की।
किसान बोला- सालों से सोलर कनेक्शन का इंतजार
ग्राम कुलैथ निवासी बादाम सिंह जाटव ने प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना के तहत सोलर योजना में आवेदन करने और दो किस्तों में कुल 20,968 रुपए जमा करने की जानकारी दी। उनका कहना है कि एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी 3 HP का सोलर कनेक्शन नहीं मिला। उन्होंने योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
सांप के डसने से भैंसों की मौत, सहायता राशि मांगी
बड़ौनी तहसील के डंगरा निवासी मुलायम जाटव ने बताया कि 29 अगस्त को सांप के डसने से उनकी दो भैंसों की मौत हो गई। पशु चिकित्सक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहरीले सांप का डसना बताया गया है।
उन्होंने बताया कि सहायता के लिए तहसील में प्रकरण भी दर्ज कराया गया है। आवेदन में उन्होंने RBC के प्रावधान के तहत सहायता राशि दिलाने और प्रकरण आगे भेजने की मांग की।
स्कूल में 7 दिन मध्यान्ह भोजन नहीं बना
ग्राम रानीपुरा के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि 15 से 21 सितंबर तक स्कूल में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन नहीं बनाया गया। ग्रामीणों ने समूह पर पहले भी लापरवाही के आरोप लगाते हुए शिकायत किए जाने की बात कही।
ग्रामीणों ने निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने और भोजन व्यवस्था किसी सक्षम समूह को सौंपने की मांग की।
मकान गिरने के बाद पीएम आवास की मांग
ग्राम लांच निवासी दिव्यांग पूरन सिंह जाटव ने बारिश में कच्चा मकान गिरने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
ठकरपुरा निवासी पेटू अहिरवार ने सर्वे नंबर 185 की 0.58 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर लंबे समय से काबिज होने का दावा करते हुए अपने खिलाफ अतिक्रमण की कार्रवाई रोकने की मांग की।
वहीं, भेदपुरा की स्वयं सहायता समूह की सचिव कमला देवी ने MDM की राशि समूह के खाते में नहीं आने की शिकायत की। उन्होंने पालक-शिक्षक संघ का खाता हटाकर समूह का खाता जोड़ने की मांग रखी।