मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने भोपाल समेत 38 जिलों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है।
भोपाल समेत 38 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट
- Published: 21 Jul 2026, 09:47 AM IST
- Last Updated: 21 Jul 2026, 09:47 AM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार शाम से प्रदेश के 38 जिलों में गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी मध्य प्रदेश में लगातार भारी बारिश हो रही है, जबकि मालवा-निमाड़ और पश्चिमी हिस्सों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नालों के उफान पर आने और जलभराव की आशंका भी बढ़ गई है।
गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रायसेन, सीहोर, विदिशा, भोपाल, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, मैहर, कटनी, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, मुरैना, भिंड, दतिया, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सतना और छतरपुर में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं श्योपुर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खरगोन, उज्जैन, इंदौर, आगर मालवा, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार जताए गए हैं।
बड़ामलहरा में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक बड़ामलहरा में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा टीकमगढ़ में 87 मिमी, बरियाट में 80.4 मिमी, पटेरा में 68 मिमी, हटा में 59.6 मिमी, लखनादौन में 59.4 मिमी, लालबर्रा में 56.3 मिमी, चांद में 55.2 मिमी, कुरई में 53 मिमी और अजयगढ़ में 52 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
निमाड़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कम बारिश
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रभाव प्रदेश में समान नहीं है। महाकौशल, विंध्य और बघेलखंड क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जबकि मालवा, निमाड़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भी सामान्य से कम बारिश हो रही है। शहडोल जिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल रहा। यहां चनौड़ी में 122 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कटनी के बिलहरी में 85 मिमी, सतना के रामपुर बघेलान में 83 मिमी, सिलिमनाबाद में 70 मिमी और मैहर के रामनगर में 67 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
दतिया में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस
तापमान की बात करें तो दतिया में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों से खेतों में काम करते समय मौसम की जानकारी लेते रहने और खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है। वहीं यात्रियों को भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।