Mahindra SUV: महिंद्रा की नई विजन S एसयूवी दमदार डिजाइन, ADAS और कई प्रीमियम फीचर्स के साथ 2027 के आसपास भारतीय बाजार में दस्तक देगी।
नई विजन S धांसू लुक और एडवांस फीचर्स के साथ आएगी
- Published: 22 Aug 2026, 11:30 AM IST
- Last Updated: 22 Aug 2026, 11:30 AM IST
Mahindra SUV: महिंद्रा अपने एडवांस NU IQ प्लेटफॉर्म पर कई नए मॉडल तैयार कर रही है। इन्हीं में से एक Vision S SUV है, जिसे पिछले कुछ समय से टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा गया है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश के काजा से सामने आई तस्वीरों में इसका टेस्ट म्यूल एक फ्यूल स्टेशन पर डीजल भरवाते हुए नजर आया है। इससे इसके डीजल इंजन विकल्प को लेकर संकेत मिलते हैं।
डिजाइन और फीचर्स
Vision S का लंबा और आकर्षक प्रोफाइल इसे सब-4 मीटर SUV सेगमेंट की अन्य गाड़ियों से अलग पहचान देता है। इसमें Mahindra की सिग्नेचर स्लेटेड ग्रिल के साथ सीधा और दमदार फ्रंट फेसिया देखने को मिलता है। पहले सामने आई स्पाई तस्वीरों में ग्रिल के अंदर रडार सेंसर भी नजर आया था, जिससे इसमें ADAS तकनीक मिलने की संभावना मजबूत होती है।
SUV में फ्लैट क्लैमशेल बोनट, ऊपर की ओर पोजीशन किए गए हेडलैंप और बड़ा बंपर सेक्शन दिया गया है। इसके अलावा, उल्टे L-शेप के DRLs और आइस-क्यूब पैटर्न वाले हेडलैंप व फॉग लैंप इसके फ्रंट लुक को खास बनाते हैं।
साइज और स्पेस
Vision S सब-4 मीटर SUV सेगमेंट की सबसे ऊंची गाड़ियों में शामिल हो सकती है। इसका लंबा बॉडी प्रोफाइल और छोटे ओवरहैंग्स न केवल इसे बेहतर रोड प्रेजेंस देंगे, बल्कि केबिन के अंदर ज्यादा लेगरूम और बेहतर स्पेस भी उपलब्ध करा सकते हैं।
साइड और रियर डिजाइन
SUV के साइड प्रोफाइल में दरवाजों और विंडो पैनल पर सीधी और सटीक लाइनों का इस्तेमाल किया गया है। बेल्टलाइन और रूफलाइन लगभग समानांतर नजर आती हैं, जिससे इसका बॉक्सी डिजाइन और ज्यादा उभरकर सामने आता है। इसमें चौकोर व्हील आर्च, ORVMs और फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल दिए गए हैं। रियर में टेलगेट पर माउंट किया गया स्पेयर व्हील देखने को मिलता है।
इंटीरियर और संभावित फीचर्स
केबिन में बड़े TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ लंबी और चौकोर टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट मिलने की उम्मीद है। इसके AC वेंट्स को वर्टिकल लेआउट में रखा गया है, जिनका डिजाइन काफी अलग दिखाई देता है।
फीचर्स की बात करें तो Vision S में पैनोरमिक सनरूफ, इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन, वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और पावर्ड सीट्स जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। अगर इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन मिलता है, तो यह इस सेगमेंट में एक खास फीचर होगा।
इंजन और लॉन्च
Vision S को शुरुआत में पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्पों के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। Mahindra का NU IQ प्लेटफॉर्म इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और फ्लेक्स-फ्यूल पावरट्रेन को भी सपोर्ट करता है, इसलिए भविष्य में SUV के अन्य पावरट्रेन विकल्प भी देखने को मिल सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Mahindra Vision S को भारतीय बाजार में 2027 के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला सब-4 मीटर SUV सेगमेंट की मौजूदा गाड़ियों से होगा।
(मंजू कुमारी)