कुछ तो अच्छा होगा... 'Main Vaapas Aaunga' की धीमी शुरुआत पर बोलीं शरवरी वाघ, फिल्म की सक्सेस पर क्या कहा?

Published on 7 अग॰ 2026

Actress Sharvari Wagh Reaction: बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ उन चुनिंदा एक्ट्रेस में से एक हैं जिन्होंने अपने करियर में खूब नाम कमाया और फैंस का भरपूर मनोरंजन किया. वे देखते ही देखते सभी की फेवरेट बन गई और अपनी एक्टिंग से इंप्रेस करने में सफल रहीं. शरवरी वाघ को मुंज्या फिल्म से दुनियाभर में पहचान मिली. इस फिल्म का कलेक्शन काफी अच्छा रहा और लोगों ने इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को तवज्जो दी. इसके अलावा भी एक्ट्रेस ने जो रोल्स प्ले किए उनमें से उन्होंने अपनी ओर से किसी को भी निराश नहीं किया.

भले उनकी फिल्मों में से कुछ ऐसी जरूर रही होंगी जिन्होंने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया होगा लेकिन हर एक प्रोजेक्ट में उनकी एक्टिंग की तारीफ की गई. जब विभाजन पर बनी एक्ट्रेस की फिल्म मैं वापस आऊंगा सिनेमाघरों में आई तो शुरुआत में इसे कोई खास रिएक्शन नहीं मिला. लेकिन फिल्म सिनेमाघरों में टिकी रही और धीरे-धीरे ही अपने कलेक्शन को आगे बढ़ाने में सफल रही. अब शरवरी वाघ ने मैं वापस आऊंगा की सक्सेस पर रिएक्ट किया है.

मैं वापस आऊंगा पर शरवरी वाघ ने क्या कहा?

बंटवारे पर बनी इमोशनल फिल्म मैं वापस आऊंगा के बारे में बात करते हुए शरवरी वाघ ने कहा- ”ये मेरे लिए अभी भी अविश्वसनीय है. अगर मैं गलत नहीं हूं तो हम थियेटर्स में इस फिल्म की रिलीज के 5वें हफ्ते में हैं. अगर देखा जाए तो वाकई में ये एक बहुत लंबा रन है. इस फिल्म की सफलता और प्यारी इसलिए लग रही है क्योंकि फिल्म की ये कमाई किसी हाइप की वजह से नहीं आई है बल्कि ये इसकी जेन्युइन कमाई है. आप कभी भी इस बात का अंदाजा नहीं लगा सकते हैं कि कोई फिल्म आपको कितनी गहराई तक कनेक्ट कर सकती है. फिल्म को लेकर फैंस का ये एक ऐसा प्यार है जो बिना पूछे मिलता है. ये खुद-ब-खुद ऑडियंस देती है. सबसे ज्यादा तो मैं इस बात की शुक्रगुजार हूं कि फैंस इस फिल्म से कनेक्ट हो सके. इससे ज्यादा फलप्रद और कुछ नहीं हो सकता है.”

ये भी पढ़ें- Varun Film: YRF की पहली हॉरर फिल्म में हुई वरुण धवन की एंट्री? ऐसी है रिलीज की प्लानिंग

मैं वापस आऊंगा को लेकर कितनी पॉजिटिव थीं शरवरी वाघ?

एक्ट्रेस शरवरी वाघ की बात करें तो वे इस फिल्म को लेकर काफी ज्यादा पॉजिटिव थीं और उन्हें भरोसा था कि ये फिल्म अच्छा करेगी. इस बारे में शरवरी वाघ ने कहा- ”मैं हमेशा से आशावादी रही हूं. मुझे वाकई में ऐसा लगता था कि इस फिल्म को ऑडियंस जरूर मिलेगी. इसे चाहें आप मेरा आभास कहिए या फिर मेरी गट फीलिंग. लेकिन हमेशा मेरा दिल इस फिल्म को लेकर बस इतना ही कहता रहता था कि कुछ तो अच्छा होगा.” फिल्म की बात करें तो इस फिल्म का कलेक्शन रिपोर्ट्स के मुताबिक 100 करोड़ रुपये का हो चुका है. वहीं फिल्म ने बजट से ज्यादा कमा लिया है. अब ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मौजूद है और आप इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

पुनीत उपाध्याय

पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में पूरे कर चुका हूं 4 साल. सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक, कभी खोजी पत्रकार, कभी मौजी पत्रकार.

Read More

google button