
Brezza, Thar और Nexon में किस SUV का वेटिंग पीरियड सबसे ज्यादा है?
नई कार खरीदने का सपना है, बजट भी तैयार है और पसंद की SUV भी चुन ली है, लेकिन एक सवाल अब भी बाकी है गाड़ी घर कब आएगी? कई बार कार पसंद करने और उसकी चाबी हाथ में आने के बीच कई हफ्तों का इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में अगर आप अक्टूबर 2026 में Maruti Brezza, Mahindra Thar या Tata Nexon खरीदने की सोच रही हैं, तो बुकिंग से पहले इनका वेटिंग पीरियड जान लेना फायदेमंद रहेगा.
दिल्ली में इन तीनों SUV की डिलीवरी के लिए अलग-अलग समय लग सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Brezza के लिए करीब 1 से 2 महीने, Thar के लिए 1 से 3 महीने और Nexon के लिए करीब 2 महीने इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि, यह समय आपके चुने हुए मॉडल और डीलर के पास मौजूद स्टॉक के हिसाब से बदल सकता है.
Maruti Brezza: जल्दी चाहिए कार तो पहले पता करें स्टॉक
Maruti Brezza उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है, जिन्हें रोजाना इस्तेमाल के लिए आरामदायक और परिवार के हिसाब से SUV चाहिए. लेकिन अगर आप इसे अक्टूबर में बुक करती हैं, तो दिल्ली में डिलीवरी के लिए करीब 1 से 2 महीने इंतजार करना पड़ सकता है.

दूसरे शहरों में तस्वीर कुछ अलग है. CarDekho की रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई और जयपुर में Brezza करीब 2 से 4 हफ्तों में मिल सकती है. वहीं, बेंगलुरु, चंडीगढ़ और कोयंबटूर में इंतजार करीब 2 महीने तक हो सकता है. अगर आपको दिवाली या किसी खास मौके से पहले कार चाहिए, तो बुकिंग करने से पहले शोरूम में उपलब्ध गाड़ियों के बारे में पूछें. हो सकता है कि आपके पसंदीदा रंग के बजाय किसी दूसरे कलर का मॉडल जल्दी मिल जाए. मारुति सुजुकी ब्रेजा की एक्स-शोरूम कीमत ₹7.50 लाख से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए ₹13.71 लाख तक जाती है.
Mahindra Thar: इस SUV के लिए बढ़ सकता है इंतजार
Mahindra Thar का दमदार लुक और खराब रास्तों पर चलने की क्षमता इसे बाकी गाड़ियों से अलग बनाती है. यही वजह है कि इसे खरीदने वाले लोग अक्सर अपनी पसंद के मॉडल का इंतजार करने को तैयार रहते हैं.
CarDekho की उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में Thar का वेटिंग पीरियड करीब 1 से 3 महीने हो सकता है. हालांकि, हर वेरिएंट की डिलीवरी का समय एक जैसा नहीं होगा. इंजन, रंग और शोरूम में गाड़ी की उपलब्धता के आधार पर इंतजार कम या ज्यादा हो सकता है.

अगर आप Thar खरीदने का मन बना चुकी हैं, तो बुकिंग के समय डीलर से डिलीवरी की संभावित तारीख जरूर पूछें.इससे आप अंदाजा लगा सकेंगी कि आपकी नई SUV कब तक घर आ सकती है. महिंद्रा थार OG (3-डोर) की एक्स-शोरूम कीमत ₹10.32 लाख से ₹18.99 लाख के बीच है. वहीं, बड़े साइज की महिंद्रा थार रॉक्स (5-डोर) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹12.52 लाख से ₹23.53 लाख तक जाती है.
Tata Nexon: करीब 2 महीने में मिल सकती है डिलीवरी
Tata Nexon भी SUV खरीदने वालों के बीच एक पसंदीदा विकल्प है. सितंबर 2026 की CarDekho के रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में इस SUV के लिए करीब 10 से 60 दिन तक का इंतजार करना पड़ सकता है. कुछ दूसरे शहरों में Nexon जल्दी भी मिल सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु, जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ में इसकी डिलीवरी करीब 1 से डेढ़ महीने में हो सकती है. हालांकि, पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक मॉडल की उपलब्धता अलग-अलग हो सकती है. इसलिए बुकिंग से पहले यह तय कर लें कि आपको कौन-सा मॉडल चाहिए. अगर वह तुरंत उपलब्ध नहीं है, तो डीलर से दूसरे वेरिएंट के बारे में भी पूछ सकते हैं.

टाटा नेक्सन (Tata Nexon) की एक्स-शोरूम कीमत वेरिएंट और इंजन के मुताबिक अलग-अलग है- पेट्रोल और डीजल वेरिएंट: एक्स-शोरूम कीमत ₹7.40 लाख से ₹14.40 लाख (टॉप मॉडल जैसे Fearless Plus PS Red Dark डीजल AMT की कीमत ₹14.52 लाख तक) है. वहीं, सीएनजी (CNG) वेरिएंट: एक्स-शोरूम कीमत ₹8.99 लाख से ₹14.59 लाख के बीच है.नेक्सन ईवी (Nexon EV): एक्स-शोरूम कीमत ₹12.49 लाख से ₹17.89 लाख के बीच है.
कौन-सी SUV के लिए करना होगा सबसे ज्यादा इंतजार?
दिल्ली के अनुमानित वेटिंग पीरियड पर नजर डालें, तो Brezza के लिए 1 से 2 महीने, Nexon के लिए करीब 2 महीने और Thar के लिए 1 से 3 महीने इंतजार करना पड़ सकता है. यानी इन तीनों में Thar की डिलीवरी में सबसे ज्यादा समय लगने की आशंका है.
ध्यान रखें कि ये समय अनुमान पर बेस्ड हैं, पक्की डिलीवरी तारीख नहीं। बुकिंग से पहले दो-तीन शोरूम से जानकारी लें और लिखित में संभावित डिलीवरी टाइम पूछें. इससे आपको अपनी जरूरत और प्लानिंग के हिसाब से सही SUV चुनने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- ना सिर्फ सड़क पर दौड़ेगी, हवा में भी उड़ सकती है Tesla की नई कार! हेलिकॉप्टर जैसी लैंडिंग देख उड़ जाएंगे होश
Tata Nexon CNG या Mahindra XUV 3XO CNG? खरीदने से पहले जान लें किस SUV में है ज्यादा दम

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More