क्रिकेटर्स 'मांसाहारी चाय' पी रहे थे, क्या उन्हें पता था; बंबई हाईकोर्ट ने MCA पर क्यों किया कटाक्ष?

Published on 25 अग॰ 2026

Aug 25, 2026 05:42 pm ISTमुंबई, भाषा

Follow us on Google News

share

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) परिसर में स्थित पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए। एमसीए ने बंबई हाईकोर्ट में कहा कि एफडीए को पहले नोटिस जारी करना चाहिए था।

क्रिकेटर्स 'मांसाहारी चाय' पी रहे थे, क्या उन्हें पता था; बंबई हाईकोर्ट ने MCA पर क्यों किया कटाक्ष?

सांकेतिक तस्वीर

बंबई हाईकोर्ट ने मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) की कैंटीन में कीड़े मकोड़े पाए जाने के बाद मंगलवार को कटाक्ष करते हुए पूछा कि क्या खिलाड़ियों को पता था कि वे 'मांसाहारी चाय' का सेवन कर रहे हैं। अदालत ने इसके अलावा एमसीए को यह भी निर्देश दिया गया कि वह गुरुवार को महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किए जाने से पहले अपने भोजनालयों के परिसर को साफ करे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रविंद्र घुगे और न्यायमूर्ति गौतम अंखड़ की पीठ एमसीए की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें एफडीए के उस फैसले को चुनौती दी गई थी जिसमें खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के गंभीर उल्लंघनों के कारण इस क्रिकेट संस्था के बांद्रा कुर्ला परिसर में संचालित पांच रेस्तरां के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे।

'रेस्तरां की रसोई में मक्खियां और तिलचट्टे'

एमसीए के वकील विक्रम नानकानी ने कहा कि एफडीए को पहले नोटिस जारी करना चाहिए था ताकि भोजनालयों को कमियों को दूर किया जा सके। हालांकि पीठ ने कहा कि जब एफडीए अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान 'गंभीर उल्लंघन' पाए तो यह जरूरी नहीं था। अदालत ने कहा, ''एफडीए की रिपोर्ट के अनुसार भोजनालय की रसोई में तिलचट्टे और मक्खियां भरी हुई थीं तथा फर्श फिसलन भरा और गंदा था। यदि स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन हुआ है, तो एफडीए तत्काल लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय ले सकता है।'' इसके बाद नानकानी ने कहा कि सभी रेस्तरां और भोजनालय बंद होने के कारण एमसीए क्रिकेटरों को चाय भी नहीं परोस पा रहा है। इस पर अदालत ने पूछा कि क्या क्रिकेटरों को पता था कि वे 'मांसाहारी चाय' का सेवन कर रहे हैं। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश घुगे ने कहा, ''रेस्तरां की रसोई में मक्खियां और तिलचट्टे हैं। यह मांसाहारी चाय है। क्या उन्हें (क्रिकेटरों को) पता है कि वे यह चाय पी रहे हैं।''

MCA में पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

एफडीए ने खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर मुंबई क्रिकेट संघ परिसर में स्थित पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए हैं। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई में खामियां पाई गईं। एफडीए ने सोमवार को बताया कि उसके राज्यव्यापी अभियान के तहत एमसीए के पांच प्रतिष्ठान सहित 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। अभियान के दौरान 45 होटल, रेस्तरां, भोजनालय और ढाबों का निरीक्षण किया गया, 33 प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए और 25 स्थानों पर छापे मारे गए। कार्रवाई की जद में आए एमसीए के पांच प्रतिष्ठानों में परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर शामिल हैं। एफडीए ने 20 अगस्त को इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था और स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी विभिन्न खामियां पाई थीं।

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें