Meerut School Closed: कांवड़ यात्रा के चलते 3 से 12 अगस्त तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद, डीएम ने दिया आदेश

Published on 2 अग॰ 2026

एजुकेशन

  • Edited by: कुलदीप राघव
  • Updated Aug 2, 2026, 08:03 AM IST

Meerut Schools will remain Closed from 3 to 12 august due to kanwar yatra: कांवड़ यात्रा 2026 और श्रावण शिवरात्रि के मद्देनज़र मेरठ में 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

Image

कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ के स्कूल बंद?

Meerut Schools will remain Closed from 3 to 12 august due to kanwar yatra: कांवड़ यात्रा 2026 और श्रावण शिवरात्रि के मद्देनज़र मेरठ में 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही अधिकांश महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान भी इसी अवधि तक बंद रहेंगे। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वी.के. सिंह ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रियों के बढ़ते आवागमन को देखते हुए जारी किया है।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार श्रावण मास 30 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है और 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। हरिद्वार से बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आवागमन शुरू होने के साथ ही जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर यातायात डायवर्जन योजना भी लागू कर दी गई है। इसी को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड तथा अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय 3 अगस्त से 12 अगस्त तक पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनपद के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान भी 3 से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि जिन पाठ्यक्रमों या विषयों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा सकेंगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उधर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आवागमन की व्यवस्था, निर्धारित रूट, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कंट्रोल रूम और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मंदिर समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इसके बाद सभी अधिकारियों ने बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एमडीए उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, अपर आयुक्त अमित कुमार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

Kuldeep Raghav

कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Education

End of Article