पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बिहार विधान परिषद कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता की। इस दौरान चुनाव की तैयारियों, मतदाताओं के लिए जरूरी दिशा-निर्देशों और कानून-व्यवस्था के इंतजामों के बारे में विस्
.
चुनावी मैदान में 15 उम्मीदवार
प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 16 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया था। स्क्रूटनी के बाद एक अभ्यर्थी का नामांकन रद्द कर दिया गया है, जबकि 15 अभ्यर्थियों के पर्चे सही पाए गए।
9 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद अब वर्तमान में चुनावी मैदान में कुल 15 प्रत्याशी हैं, जिनमें 14 पुरुष और 1 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। स्क्रूटनी में छंटने वाले अभ्यर्थी गोकुल कुमार यादव थे, जिन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कराया था। कोसी स्नातक क्षेत्र में कुल 181 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 1,34,000 पंजीकृत स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय।
सिंगल विंडो सिस्टम और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालन के लिए सभी जिलों में विशेष सेल का गठन किया गया है। संबंधित जिलों के जिलाधिकारी इन व्यवस्थाओं के प्रभारी हैं।
प्रत्याशियों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। चुनाव प्रचार, सभाओं या गाड़ियों की अनुमति प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को सिंगल विंडो के माध्यम से आवेदन करना होगा, जिससे उन्हें समय पर पारदर्शी तरीके से सभी आवश्यक मंजूरियां मिल सकें।
मतदाता सूची और वोटर आईडी की व्यवस्था
मतदाता अपना नाम एवं अन्य विवरण राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जांच सकते हैं। मतदान के दिन पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को अपनी पहचान सिद्ध करने के लिए स्वीकृत पहचान पत्रों में से कोई एक प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी या शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी पहचान पत्र तथा दिव्यांगता आईडी मान्य रहेंगे।

कोसी स्नातक सीट पर चुनाव की तैयारियां पूरी।
स्केच पेन और अंकों के इस्तेमाल पर जोर
प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने बैलेट पेपर से होने वाली मतदान प्रक्रिया पर विशेष रूप से जोर दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर जानकारी के अभाव में मतदाता ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे उनका वोट अमान्य हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र पर मिलने वाले बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही प्रयोग अनिवार्य है।
इसके अलावा अपनी वरीयता को केवल अंकों जैसे 1, 2, 3 में ही लिखना होगा। मतदाता चाहे तो अंतरराष्ट्रीय अंक 1, 2, 3 या देवनागरी अंक १, २, ३ का प्रयोग कर सकते हैं। बैलेट पेपर पर शब्दों में लिखना सख्त मना है। इसके अलावा किसी भी प्रकार का टिक, क्रॉस या अन्य चिन्ह बनाने पर मतपत्र रद्द कर दिया जाएगा।
शांतिपूर्ण मतदान की अपील
प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बहुमूल्य वोट को व्यर्थ न जाने दें। निर्धारित नियमों का पालन करते हुए 23 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान के दिन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा और मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।

जानकारी देते हुए प्रमंडलीय आयुक्त।
14 जिलों का है कोसी स्नातक क्षेत्र
एमएलसी चुनाव के लिए कोसी स्नातक क्षेत्र में कुल 14 जिले शामिल हैं। जिनमें पूर्णिया प्रमण्डल का पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज शामिल है। इसके अलावा कोसी प्रमंडल का सहरसा, मधेपुरा और सुपौल शामिल है। भागलपुर प्रमंडल से भागलपुर और बांका जिला है। जबकि मुंगेर प्रमंडल के 6 में से 5 जिले मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और खगड़िया कोसी स्नातक क्षेत्र का हिस्सा हैं । जबकि बेगूसराय को इस क्षेत्र से अलग रखा गया है।
चुनाव की मुख्य तारीख
1 लाख 34 हजार से अधिक मतदाताओं वाले इस कोसी स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव को लेकर नामांकन की शुरुआत मंगलवार 29 सितंबर से हुई थी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर तक थी, जबकि 7 अक्टूबर को स्क्रुटनी और 9 अक्टूबर को नाम वापसी की तारीख तय थी। मतदान 23 अक्टूबर को होंगे जबकि नतीजे 27 अक्टूबर को सामने आएंगे।