बरेली के आईएमए हॉल में शनिवार को आयोजित शिक्षक सम्मेलन में भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों की जुबान फिसल गई। मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने सीएम योगी को उत्तर प्रदेश का प्रधानमंत्री कह दिया।
.
ढिल्लों ने कहा- मैं धन्यवाद देना चाहता हूं उत्तर प्रदेश के यशस्वी प्रधानमंत्री, यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार को। हालांकि इसके बाद उन्होंने अपने भाषण में शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों और सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने आयुष्मान योजना, कैशलेस इलाज और शिक्षा क्षेत्र में किए गए प्रयासों को अपनी उपलब्धि बताया। सभी नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री ने मांगे वोट
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने की। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सदस्य विधान परिषद डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों और शिक्षकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वन मंत्री ने की अपील
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने विधान परिषद में हमेशा शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया है। उन्होंने उपस्थित शिक्षक मतदाताओं से उन्हें दोबारा प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने भी अपने संबोधन में डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने का दावा
भाजपा प्रत्याशी और सदस्य विधान परिषद डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने हमेशा पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उन्होंने लगातार विधान परिषद में उठाई, जिसका परिणाम आज शिक्षकों को इस महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में मिला है।