MP Assembly Session Live: सदन की कार्यवाही तीस मिनट के लिए स्थिगत, कांग्रेस सदस्यों ने की नारेबाजी

Published on 20 जुल॰ 2026

12:25 PM, 20-Jul-2026

देश का युवा चाहता है यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड- जयवर्धन सिंह

कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने यूसीसी को लेकर कहा कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस पर विधानसभा में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि देश का युवा यूनिफॉर्म सिविल कोड नहीं, बल्कि यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियां हो रही हैं। जयवर्धन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में युवाओं, किसानों और प्रदेश के विकास के लिए कोई बड़ी योजना नहीं आई। उन्होंने कहा कि सरकार यूसीसी की बात करने से पहले शिक्षा व्यवस्था को समान और मजबूत बनाने पर ध्यान दे।

12:11 PM, 20-Jul-2026

सदन में स्थगन प्रस्ताव की मांग

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने उज्जैन में जमीन खरीदी को लेकर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण आना चाहिए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पॉइंट ऑफ आर्डर लिया। उन्होंने कहा कि स्थगन के नियम में यह स्पष्ट है कि हाल ही में घटित घटनाओं को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाया जा सकता है। यह मामला 2023 से जमीन खरीदी से जुड़ा हुआ है।
इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार बोले जमीन खरीदी पर आरोप लगे हैं। कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि हाल में हुई घटनाओं पर चर्चा की बात की जा रही है। ये बताया जाए कि  'हाल' की समय सीमा कितनी होती है। इस पर कांग्रेस सदस्यों ने नारेबाजी शुरू की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष बोले कि कांग्रेस सदस्यों के प्रस्ताव पर विचार होगा।

विज्ञापन

12:07 PM, 20-Jul-2026

कांग्रेस विधायकों ने किया UCC का विरोध

कांग्रेस विधायकों ने किया UCC का विरोध - फोटो : अमर उजाला

यूसीसी के विरोध में काले कपड़े पहन कर और हाथ में यूसीसी विरोध की तख्ती लेकर विधान सभा पहुंचे कांग्रेस विधायक आतिफ अकील।

12:02 PM, 20-Jul-2026

प्रतिभाओं को निकालने के लिए कार्यक्रम हो-विश्वास सारंग

मंत्री विश्वास सारंग बोले हम हर विधायक को उनकी पात्रता के अनुसार खेल परिसर और इवेंट के लिए सहायता राशि दे रहे हैं। यदि आपको कोई इवेंट करना है, कोई कार्यक्रम करना है, संगठन के साथ करें। पात्रता के अनुसार हम उसके लिए सहयोग करेंगे। हम फोटो छपाने के लिए कोई कार्यक्रम नहीं करना चाहते हमारा मानना है कि प्रतिभाओं को निकालने के लिए कार्यक्रम हो।

11:55 AM, 20-Jul-2026

विधानसभा की कार्रवाई शुरू

कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने प्रश्नकाल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग से खेल गतिविधियों के लिए जारी होने वाली राशि के आवंटन को लेकर के सवाल उठाया। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सदस्य के सभी प्रश्नों का उत्तर दिया गया। उन्होंने ही अपनी बात में कहा कि हर सवाल का जवाब दिया है। इस पर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि आपने हर सवाल का जवाब दिया है लेकिन बड़ी होशियारी से। अब वह सही है या गलत, यह देखने वाली बात होगी। इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गी ने कहा कि होशियार है तो होशियारी से ही जवाब देंगे।

11:52 AM, 20-Jul-2026

मध्य प्रदेश में सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे-रामेश्वर शर्मा

विधानसभा परिसर में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान खुश हैं और उन्हें समय पर खाद, बीज, बिजली व पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की योजनाओं से किसानों की आय भी बढ़ी है। यूसीसी के मुद्दे पर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुल्ला-मौलवियों के दबाव में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हलाला जैसी प्रथाओं की समर्थक है। शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में यूसीसी लागू होगा और सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे।

विज्ञापन

विज्ञापन

11:34 AM, 20-Jul-2026

MP Assembly Session Live: 10 मिनट के लिए स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

सदन ने दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा, जिसके बाद उनके सम्मान में विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

11:24 AM, 20-Jul-2026

MP Assembly Monsson Session: खाद संकट पर सरकार को घेरा

कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूरी में किसानों को 266 रुपये की खाद की बोरी 500 रुपये और 1,350 रुपये की बोरी 2,000 रुपये तक में खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार खाद की कालाबाजारी रोकने में पूरी तरह विफल रही है।

यूसीसी पर भी उठाए सवाल

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर प्रतिक्रिया देते हुए फूल सिंह बरैया ने कहा कि सरकार को पहले यूसीसी का मूल उद्देश्य समझना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता नहीं मिलेगी, तब तक यूसीसी लागू करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लिव-इन रिलेशनशिप को वैधता देना भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

11:22 AM, 20-Jul-2026

MP Assembly Monsson Session: विधानसभा में दिवंगत हस्तियों को दी गई श्रद्धांजलि

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विभिन्न क्षेत्रों की दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूर्व विधायक अविश्वन जोशी, पूर्व विधायक पहाड़ सिंह कनेौजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी, प्रसिद्ध शायर डॉ. बशीर बद्र और पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी दिवंगत हस्तियों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

11:07 AM, 20-Jul-2026

MP Assembly Monsson Session: खाद संकट पर सरकार को घेरा

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान खाद के लिए भटक रहा है, लेकिन उसे खाद की जगह सिर्फ टोकन दिए जा रहे हैं।

उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश का किसान गंभीर संकट से गुजर रहा है। मूंग, गेहूं और सोयाबीन उत्पादक किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। भाजपा सरकार में किसानों को खाद देने के बजाय टोकन और ओटीपी का खेल चल रहा है।

उन्होंने कहा, "चुनाव के समय भाजपा किसानों से वोट मांगती है, लेकिन जब न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और किसानों के अधिकारों की बात आती है, तो सरकार और उसके मंत्री नजर नहीं आते। सरकार किसानों के आंसू पोंछने के बजाय उन्हें और परेशान कर रही है।"

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा के मानसून सत्र में खाद संकट, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगी तथा सरकार से जवाब मांगेगी।