12:18 PM, 21-Jul-2026
फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले वन्य जीवों को टाइगर अभयारण्यों में छोड़ा जाएगा-सीएम मोहन यादव
कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने विधानसभा में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले वन्य जीवों को लेकर चलाए गए पायलट प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि ऐसे वन्य जीवों के रेस्क्यू की यह योजना क्या शाजापुर जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी लागू की जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवन्य जीवों को पकड़कर टाइगर अभयारण्यों के क्षेत्र में छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों और वश्यकता के अनुसार ऐसे मामलों में आगे भी उचित निर्णय लिए जाते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने रजिस्ट्री से जुड़े एक अन्य मुद्दे पर कहा कि इस संबंध में विधि विभाग (लॉ डिपार्टमेंट) के माध्यम से आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने जौरा थाने के अंतर्गत अपहरण प्रकरण के मामले में 4 साल से अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर के सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मामले में पहले जांच करने के बाद केस दर्ज किया गया। इसके बाद भी पुलिस अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है। इस पर मंत्री कृष्णा गौर ने उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि मामले में चार्ज सीट दाखिल हो चुकी है। कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
11:57 AM, 21-Jul-2026
MP: नई औद्योगिक विकास योजना पर सीधी की विधायक रीति पाठक ने पूछा सवाल
भाजपा विधायक रीति पाठक ने पूछा कि क्या सीधी विधानसभा क्षेत्र में कोई नई औद्योगिक विकास योजना लाने की प्लानिंग है। यदि स्थानीय लोगों को रोजगार देने के लिए सरकार ने कोई योजना बनाई है, तो जानकारी दें।
जवाब देते हुए मंत्री कृष्ण गौर ने कहा कि जो औद्योगिक इकाइयां चिन्हित की गई है उन पर जल्द काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री स्वयं 2025 को उद्योग और रोजगार के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। आपके क्षेत्र में जो भी योजना है जल्द शुरू की जाए। एमएसोंएमई इकाइयों को दो साल का समय दिया जाता है। वहीं, बड़ी इकाइयों को स्थापित करने के लिए तीन साल का समय दिया जाता है.
रीति ने पूरक प्रशन पर GIS 2025 मे सीधी जिले में आए प्रस्ताव को लेकर जानकारी मांगी। इस पर मंत्री कृष्ण गौर ने जवाब दिया कि GIS में सीधी जिले में औद्योगिक नीति में निवेश प्रोत्साहन विभाग को आठ इकाइयों के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से तीन वर्तमान स्थापित हो गई हैं। एक इकाई का प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं, जबकि शेष चार इकाइयों ने सक्रियता नहीं दिखाई है।
विज्ञापन
11:49 AM, 21-Jul-2026
MP: 16वीं विधानसभा के कार्यकाल के दो वर्ष पुस्तक का विमोचन
पुस्तक विमोचन के दौरान की तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को 'विधान से जन कल्याण : 16वीं विधानसभा के कार्यकाल के दो वर्ष' पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में 16वीं विधानसभा के लगभग दो वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख संसदीय गतिविधियां, अध्यक्ष के महत्वपूर्ण वक्तव्य, समितियों के सशक्तिकरण के प्रयास, सदस्यों की सुविधाओं के विस्तार, ई-विधान, विशेष सत्र, संसदीय सम्मेलनों में सहभागिता और संवैधानिक व समसामयिक विषयों पर लिखे गए उनके आलेख शामिल हैं।
11:40 AM, 21-Jul-2026
MP Assembly Session: पानी की समस्या के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएंगे सीएम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने पानी की समस्या पर कहा कि पेयजल की जितनी भी योजना पहले चल रही थी वे केवल नदियों से चलती थी। अब जहां से भी पानी मिल सकता है, वहां से व्यवस्था कर रहे हैं। इसलिए सर्वदलीय बैठक बुलाएंगे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था प्रदेश में हो इसकी सभी से राय लेंगे और पूरे प्रदेश से पानी की व्यवस्था करेंगे।
11:12 AM, 21-Jul-2026
MP: कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में सांकेतिक शव लेकर पहुंचे, किया प्रदर्शन
विधानसभा परिसर में सांकेतिक शव लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक। - फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में सांकेतिक शव लेकर पहुंचे और सरकार पर जनता के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब जनता के मुद्दे सामने आते हैं तो सरकार सो जाती है, लेकिन विवादित विषयों को प्राथमिकता देती है। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक का भी विरोध किया। विधायक हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। पोस्टरों पर लिखा था कि सरकार किसानों की मदद नहीं कर रही, बल्कि नफरत की राजनीति कर रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान, बेरोजगार और आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय अन्य मुद्दों पर ध्यान दे रही है।
10:37 AM, 21-Jul-2026
MP: समितियों की रिपोर्ट भी होंगी पेश
मध्य प्रदेश विधानसभा की विभिन्न समितियों के सभापति अपने प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। इनमें याचिका एवं अभ्यावेदन समिति, प्रत्यायुक्त विधान समिति, सरकारी उपक्रम समिति, शासकीय आश्वासन समिति, महिला एवं बाल कल्याण समिति, स्थानीय निकाय एवं पंचायतीराज लेखा समिति, कृषि विकास समिति तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति की रिपोर्ट शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
09:46 AM, 21-Jul-2026
MP: यूसीसी सहित इन आठ विधेयकों पर होगी चर्चा, पारित करने का प्रस्ताव रखेगी सरकार
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक-2026
मध्य प्रदेश राजमार्ग (संशोधन) विधेयक-2026
मध्य प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विधेयक-2026
मध्य प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक-2026
मध्य प्रदेश उपकर (संशोधन) विधेयक-2026
मध्य प्रदेश कार्यस्थल सशक्तिकरण संहिता (श्रम शक्ति संहिता) विधेयक-2026
मध्य प्रदेश धन्वंतरि स्वास्थ्य विश्वविद्यालय विधेयक-2026
मध्य प्रदेश वैट (संशोधन) विधेयक-2026
09:32 AM, 21-Jul-2026
MP Assembly Session live: कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में सांकेतिक शव लेकर पहुंचे, UCC का किया विरोध
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। विधानसभा में आज समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत आठ विधेयकों पर चर्चा हो रही है। पक्ष-विपक्ष के बीच सबसे ज्यादा यूसीसी पर तकरार हो रही है। कांग्रेस के विधायकों ने इसका विरोध किया है। वहीं, वित्त विभाग वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट भी सदन में प्रस्तुत करेगा।
सदन की कार्यवाही में मंत्री अपने-अपने विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन और अधिसूचनाएं सदन के पटल पर रखेंगे। इनमें महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, एमएसएमई, उच्च शिक्षा और पर्यटन विभाग के प्रतिवेदन शामिल हैं। ध्यानाकर्षण के तहत दो महत्वपूर्ण मामलों को उठाया जाएगा।