MP CM Jan Vishwas: CM मोहन यादव ने की एक-एक शिकायत की समीक्षा, किसानों-खिलाड़ियों-छात्राओं-महिला उद्यमियों ने सुनी सफलता की कहानी

Published on 8 अग॰ 2026

छिंदवाड़ा में CM मोहन यादव ने जन विश्वास अभियान के तहत CM हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की। लापरवाही पर पटवारी, तहसीलदार और CMO पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7 अगस्त को छिंदवाड़ा से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट में आम लोगों से सीधे संवाद किया और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की मौजूदगी में एक-एक कर समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान जहां पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए, वहीं लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई भी की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। किसी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या बेवजह देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

CM Helpline Action: शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने विभागवार समीक्षा करते हुए राजस्व, नल-जल, ऊर्जा, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के कामकाज और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शिकायत करने की स्थिति नहीं आनी चाहिए। हर मामले का तय समय सीमा में पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान होना जरूरी है।

डॉ. यादव ने ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूलों में दाखिला दिलाने, सभी शिक्षकों की 100 प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान ही सुशासन की असली पहचान है। अधिकारियों को जनसेवा में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

PM Kisan Samman Nidhi: लाभ नहीं मिला तो पटवारी-तहसीलदार निलंबित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान मीना बंजारा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत रखी। मामले की समीक्षा में सामने आया कि परासिया तहसील के संबंधित पटवारी ने गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, जिसके कारण आवेदिका योजना के लाभ से वंचित रह गई। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित पटवारी और परासिया तहसीलदार को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदिका को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता के माध्यम से एक वर्ष की सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा।

Maternity Assistance: पोर्टल की गलती पर CMO छिंदवाड़ा निलंबित

सीमा तुमराम ने प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। जांच के दौरान पता चला कि पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज होने के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। मुख्यमंत्री ने इसे विभागीय लापरवाही मानते हुए संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, छिंदवाड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

Sambal Yojana: सहायता नहीं मिलने पर दो अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकी

मानवती वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके पति संतोष वर्मा की मृत्यु के बाद उन्हें मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत अंत्येष्टि और अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिली। मामले की समीक्षा में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चौरई और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

Land Record Complaint: SDM और पटवारी को कारण बताओ नोटिस

गोविंद नायक ने भू-अभिलेख दुरुस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की थी। समीक्षा में सामने आया कि एसडीएम के आदेश के बावजूद रिकॉर्ड में जरूरी सुधार नहीं किया गया था। मुख्यमंत्री ने एसडीएम चौरई, संबंधित तहसीलदार और पटवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

वहीं मनोहर सिंह ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में पता चला कि बैंक खाते की लेनदेन सीमा कम होने के कारण भुगतान अटक गया था। आवेदक का खाता सीहोर जिले में होने के कारण जरूरी सुधारात्मक कार्रवाई की गई और भुगतान सुनिश्चित कर दिया गया।

भावना डेहरिया ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की सब्सिडी नहीं मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमों के तहत जल्द कार्रवाई कर पात्र हितग्राही को योजना का लाभ देने के निर्देश दिए।

Blueberry Farming: 100 एकड़ में खेती का प्रयोग, CM ने सराहा

मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा की उन प्रतिभाओं से भी बातचीत की, जिन्होंने कृषि, नवाचार, खेल, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। वाशम शेट्टी ने बताया कि उन्होंने करीब 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लूबेरी की खेती शुरू की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की भूमि बेहद उपजाऊ है और ब्लूबेरी जैसी हाई-वैल्यू फसलों को दूसरे क्षेत्रों में भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुल सकते हैं।

किसान राजेन्द्र रमेश धारे ने प्राकृतिक खेती का अपना मॉडल साझा किया। उन्होंने बताया कि वे हल्दी की अलग-अलग किस्मों सहित कई फसलों की प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की लागत घटाने और आय बढ़ाने का भी प्रभावी तरीका बन रही है।

Namo Drone Didi: ड्रोन से 300 एकड़ में छिड़काव, डेढ़ लाख की अतिरिक्त कमाई

‘नमो ड्रोन दीदी’ लक्ष्मी धागरे ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने पिछले साल करीब 300 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के जरिए फसलों पर छिड़काव किया। इससे उन्हें लगभग 1.5 लाख रुपये की अतिरिक्त आय हुई। उन्होंने बताया कि सरकार से ड्रोन पर सब्सिडी मिली और आजीविका मिशन से उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने में मदद मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना एक सकारात्मक बदलाव है और यह दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का काम करेगा।

Chironji Processing: स्थानीय उत्पादों को मिलेगा Global Market

रूपाली धुर्वे ने चिरौंजी प्रसंस्करण में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि उनके उत्पादों को यूरोप में निर्यात करने के लिए एमओयू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने वाली ऐसी पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं की आजीविका के नए अवसर भी पैदा करती है।

Khelo India Tribal Youth Games: शिवा भलावी ने जीता Gold Medal

छिंदवाड़ा के शिवा भलावी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स-2026 में 130 किलोग्राम भार वर्ग की ग्रीको-रोमन कुश्ती में मध्य प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।

Rural Tourism: CM बोले- ‘मैं आऊंगा आपके होम-स्टे पर’

सनोत नागवंशी ने ग्रामीण पर्यटन और होम-स्टे मॉडल के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें सरकार से सब्सिडी मिली है और फिलहाल वे दो कमरों का होम-स्टे चला रहे हैं। यह होम-स्टे ‘मेक माय ट्रिप’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सूचीबद्ध है।

मॉडल की जानकारी सुनकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई और कहा, “मैं जरूर आपके होम-स्टे पर आऊंगा।” मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित सीएनजी प्लांट के संचालक रोहित साहू से भी चर्चा की। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, किए जा रहे नवाचार और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली और प्रयासों की सराहना की।

Chhindwara Meritorious Students: 99% अंक लाने वाली छात्रा से बोले CM- पढ़ाई पर ध्यान दो

मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान मेधावी छात्रा आभा शर्मा ने बताया कि उन्होंने 10वीं की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा, “बेटी, निश्चिंत होकर पढ़ाई करो। सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है।” उन्होंने छात्रा को मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

डॉ. यादव ने जिले की मेधावी छात्राओं अक्षरा ओकते और दीपाली सोनी से भी संवाद किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। प्राकृतिक खेती का सफल मॉडल तैयार करने वाले किसान पूरनलाल इवनाती से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा की ये प्रतिभाएं अपने परिश्रम, नवाचार और दृढ़ संकल्प से पूरे मध्य प्रदेश के लिए उदाहरण बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना, उन्हें उचित मंच देना और प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता, खेल तथा आत्मनिर्भरता की संस्कृति को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।