भोपाल, 23 सितंबर 2026: लोकायुक्त पुलिस इंदौर द्वारा नर्मदा विकास के एक सब इंजीनियर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। लोकायुक्त द्वारा बताया गया है कि उन्होंने सब इंजीनियर को, एक ठेकेदार से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। दूसरी बड़ी बात यह है कि, रिश्वत की रकम चोरी छुपे नहीं बल्कि कार्यपालन यंत्री के ऑफिस में खुलेआम ली जा रही थी। जैसे यह रिश्वत, विभाग की व्यवस्था का हिस्सा है। हालांकि लोकायुक्त ने केवल रिश्वत लेने वाले अधिकारी को गिरफ्तार किया है। ऑफिस के शीर्ष अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के यहां आए से अधिक संपत्ति की जांच शुरू नहीं की गई है।
खरगोन के ठेकेदार लखन राठौर की शिकायत पर हुई कार्रवाई
श्री लखन राठोर पिता श्री जगराम राठोर उम्र 40 वर्ष व्यवसाय ठेकेदारी, निवासी ग्राम धूलवाडा तहसील सनावद जिला खरगोन ने दिनांक 10 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की, कि श्री अशोक गौतम पिता स्व. श्री मंजुलाल गौतम उम्र 61 वर्ष पद उपयंत्री, नर्मदा घाटी, 28 नम्बर पुनासा जिला खण्डवा कार्यालय-कार्यपालन यंत्री, नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 पुनासा जिला खण्डवा वर्तमान निवासी- शासकीय आवास जी-253, डेम कालोनी, नर्मदा नगर जिला खण्डवा मूल निवासी ग्राम आलमपुर छोटी माता मंदिर के पास तहसील लहार, जिला भिण्ड म.प्र. द्वारा उससे रिश्वत मांगी जा रही है।
फाइनल पेमेंट से पहले रिश्वत मांगी गई थी
शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि उन्होंने एनव्हीडीए पुनासा जिला खण्डवा चौकीदार कक्ष एवं जनरेटर कक्ष बनाने का ठेका वर्ष 2024 में लिया था। आवेदक द्वारा उक्त कार्य लगभग एक वर्ष में पूर्ण कर किये गये कार्य के भुगतान हेतु बिल एनव्हीडीए कार्यालय पुनासा में जमा किये गये। आवेदक को लगभग 13 लाख का भुगतान प्राप्त हो चुका है। शेष राशि का भुगतान एवं आवेदक द्वारा जमा की गई सिक्योरिटी डिपोजिट की राशि आवेदक को वापस करने के एवज में अनावेदक सब इंजीनियर श्री अशोक गौतम द्वारा 55,000/- रू. रिश्वत की मांग की जा रही है।
कार्यपालन यंत्री के ऑफिस में खुलेआम रिश्वत ली जा रही थी
शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा आवेदक से 55,000/- रू० रिश्वत की मांग की गई। जिस पर आज दिनांक 23.09.2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर श्री राजेश सहाय के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर श्री सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम गठित कर ट्रेप कार्यवाही का आयोजन किया गया जिसमें आरोपी श्री अशोक गौतम को शिकायतकर्ता से 14,000/- रू. रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रेप किया गया है। यह कार्रवाई, कार्यालय कार्यपालन यंत्री, नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 पुनासा जिला खण्डवा स्थित तकनिकी कक्ष में हुई। मतलब रिश्वत की रकम चोरी छुपे नहीं बल्कि सरकारी ऑफिस में इस प्रकार से ली जा रही थी जैसे सरकारी प्रक्रिया का हिस्सा हो। आरोपी के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
ट्रेपकर्ता टीम के सदस्य
निरीक्षक श्री सचिन पटेरिया, प्रधान आरक्षक श्री विजय कुमार, प्रधान आरक्षक श्री विवेक मिश्रा, आरक्षक श्री कमलेश परिहार आरक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक श्री कृष्णा अहिरवार की टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस इंदौर का पता एवं फोन नंबर
लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की इंदौर संभाग में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर एवं दूरभाष पर भी सम्पर्क कर सकते है।
पुलिस अधीक्षक,
विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग इंदौर
मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर-452007
दूरभाष
0731-2533160
0731-2430100
