MS Dhoni Video: भारत और इंग्लैंड के पहले वनडे के दौरान एजबेस्टन स्टेडियम में मौजूद महेंद्र सिंह धोनी ने एक नन्हे फैन का दिल जीत लिया। बच्चे के दिए पॉपकॉर्न को मुस्कुराते हुए स्वीकार करने और दूसरी बार प्यार से मना करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ms dhoni popcorn video
- Published: 14 Jul 2026, 08:29 PM IST
- Last Updated: 14 Jul 2026, 08:29 PM IST
MS Dhoni Video: महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से भले ही 6 साल पहले संन्यास ले चुके हों। लेकिन फैंस के बीच उनकी दीवानगी आज भी पहले जैसी ही है। भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले वनडे के दौरान धोनी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए। इस बार वजह उनकी कोई बल्लेबाजी या कप्तानी नहीं, बल्कि एक छोटे फैन के लिए किया गया उनका बर्ताव था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में मंगलवार को जब टीवी कैमरों की नजर स्टैंड्स में बैठे धोनी पर पड़ी तो पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पूर्व भारतीय कप्तान भारतीय टीम का मुकाबला देखने पहुंचे थे। लेकिन कुछ ही देर बाद एक ऐसा पल आया जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।
Safe to say, this kid has the best 'guess who I sat next to' story ever. 😎🤩#ENGvIND 1st ODI 👉 Streaming LIVE on JioHotstar! pic.twitter.com/xsm27mbXsE
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 14, 2026
धोनी के पास बैठा एक छोटा बच्चा उन्हें अपने पॉपकॉर्न ऑफर करता है। हमेशा की तरह बेहद सादगी और विनम्रता दिखाते हुए धोनी ने मुस्कुराकर बच्चे के हाथ से कुछ पॉपकॉर्न ले लिए। इसके बाद दोनों के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दी। कुछ देर बाद बच्चे ने दोबारा पॉपकॉर्न ऑफर किए। लेकिन इस बार धोनी ने प्यार से इशारा करते हुए मना कर दिया और बताया कि वह पहले ही खा चुके। यह छोटा सा पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
धोनी इस साल भारतीय टीम के कई मुकाबलों में स्टैंड्स में नजर आए हैं। मार्च में उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप सेमीफाइनल देखा था। इसके बाद वह अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भी मौजूद थे, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने के साथ रिकॉर्ड तीसरा खिताब अपने नाम किया।
इसी महीने धोनी ने अपना 45वां जन्मदिन भी इंग्लैंड दौरे के दौरान ट्रेंट ब्रिज में भारत और इंग्लैंड के तीसरे टी20 मैच के बीच मनाया था। फैंस उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
वहीं, धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी आईपीएल 2026 में नहीं खेले थे, जिससे करीब दो दशक लंबे उनके शानदार सफर पर विराम लग गया। हालांकि उन्होंने अभी तक आईपीएल से संन्यास की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। धोनी हमेशा अपने भविष्य को लेकर फैसले सही समय पर और अपनी शर्तों पर लेने के लिए जाने जाते हैं।
फिलहाल यह साफ है कि चाहे वह मैदान पर विकेटकीपिंग कर रहे हों या स्टैंड्स में बैठकर एक बच्चे के साथ पॉपकॉर्न साझा कर रहे हों, महेंद्र सिंह धोनी हर बार ऐसा यादगार पल बना देते हैं, जो क्रिकेट से कहीं आगे जाकर लोगों के दिलों में बस जाता है।