Published: Saturday, August 15, 2026, 18:19 [IST]
Sports Quota Recruitment 2026: खेल के मैदान में अपनी पहचान बनाने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा मौका है। आयकर विभाग, पुणे क्षेत्र ने खेल कोटे के तहत मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), टैक्स असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के जरिए कुल 85 खिलाड़ियों की नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि अलग-अलग पदों के लिए 10वीं, 12वीं और स्नातक पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास संबंधित खेल का मान्य खेल प्रमाणपत्र होना जरूरी है। भर्ती में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग पद तय किए गए हैं।
85 पदों पर होगी भर्ती
आयकर विभाग पुणे की इस भर्ती में कुल 85 पद हैं। इनमें 39 पद एमटीएस, 40 पद टैक्स असिस्टेंट और 6 पद स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के हैं। पूरी भर्ती खेल कोटे के तहत होगी, इसलिए सिर्फ वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो तय खेल और प्रमाणपत्र से जुड़ी पात्रता पूरी करते हैं।
ये भी पढ़ें: RRB Recruitment 2026: रेलवे में 3,993 पदों पर निकली भर्ती, नोटिफिकेशन आउट, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
15 सितंबर तक करें आवेदन
ऑनलाइन आवेदन 15 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 15 सितंबर 2026 तक का समय है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 15 सितंबर है। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग से ऑनलाइन किया जा सकता है। परीक्षा और प्रवेश पत्र की तारीख अभी जारी नहीं की गई है। विभाग बाद में अपनी वेबसाइट पर इसकी जानकारी देगा।
उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
- एमटीएस: अधिकतम 25 वर्ष
- टैक्स असिस्टेंट: अधिकतम 27 वर्ष
- स्टेनोग्राफर ग्रेड-II: अधिकतम 27 वर्ष
आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र में छूट दी जाएगी।
किस पद के लिए कितनी पढ़ाई?
पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता अलग है।
- स्टेनोग्राफर ग्रेड-II: मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है।
- टैक्स असिस्टेंट: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
- एमटीएस: मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
इन सभी पदों के लिए खेल कोटे की तय योग्यता और मान्य खेल प्रमाणपत्र होना जरूरी है।
17 खेलों के खिलाड़ियों को मौका
इस भर्ती में कुल 17 खेलों को शामिल किया गया है। पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग पद रखे गए हैं। सबसे ज्यादा 20 पद एथलेटिक्स के हैं। इनमें 10 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ियों के लिए हैं। इसके अलावा:
| खेल | पद | किसके लिए |
|---|---|---|
| एथलेटिक्स | 20 | 10 पुरुष, 10 महिला |
| वॉलीबॉल | 12 | पुरुष/महिला |
| क्रिकेट | 6 | पुरुष |
| कबड्डी | 6 | पुरुष |
| बास्केटबॉल | 5 | महिला |
| हॉकी | 5 | पुरुष |
| पैरास्पोर्ट्स | 5 | 3 पुरुष, 2 महिला |
| ब्रिज | 4 | 2 पुरुष, 2 महिला |
| टेबल टेनिस | 4 | 2 पुरुष, 2 महिला |
| कुश्ती | 4 | 2 पुरुष, 2 महिला |
| बैडमिंटन | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| बॉक्सिंग | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| कैरम | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| शतरंज | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| तैराकी | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| टेनिस | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
| योगासन | 2 | 1 पुरुष, 1 महिला |
इस तरह कुल 49 पद पुरुष खिलाड़ियों और 36 पद महिला खिलाड़ियों के लिए हैं।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयन होने के बाद पद के अनुसार वेतन मिलेगा। स्टेनोग्राफर ग्रेड-II और टैक्स असिस्टेंट को पे मैट्रिक्स लेवल-4 के तहत वेतन मिलेगा। इसमें मूल वेतन 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक है। वहीं एमटीएस पद लेवल-1 में आता है। इसमें मूल वेतन 18,000 रुपये से 56,900 रुपये तक होगा। इसके अलावा नियमानुसार महंगाई भत्ता और दूसरे सरकारी भत्ते भी मिलेंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आयकर विभाग पुणे की खेल भर्ती की वेबसाइट पर जाना होगा।
- भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
- Income Tax MTS, Tax Assistant, Stenographer 2026 Apply Online लिंक पर जाएं।
- मोबाइल नंबर और ईमेल से पंजीकरण करें।
- पंजीकरण के बाद आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- व्यक्तिगत, शैक्षणिक और खेल से जुड़ी जानकारी भरें।
- फोटो, हस्ताक्षर और खेल प्रमाणपत्र समेत जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- 200 रुपये आवेदन शुल्क जमा करें।
- फॉर्म को ध्यान से जांचकर जमा करें।
- आवेदन पूरा होने के बाद प्रिंट सुरक्षित रख लें।
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती की पूरी अधिसूचना पढ़कर अपनी पात्रता और खेल प्रमाणपत्र से जुड़ी शर्तें जांच लेनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: NEET PG के उम्मीदवारों को भेजा गया गलत टेस्ट सिटी का SMS, NBEMS ने मानी गलती, स्टूडेंट के लिए दिया बड़ा अपडेट
-
Block for 8 hours
-
Block for 12 hours
-
Block for 24 hours
-
Don't block
Gender
Select your Gender
Age
Select your Age Range