हर्षवर्धन पूनिया। मेरठ1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को 72 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी के निर्देशन में निकली इस यात्रा में मेरठ पब्लिक स्कूल, सनातन धर्म इंटर कॉलेज और सीएबी इंटर कॉलेज के करीब 65 कैडेट्स शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कैडेट्स ने शहर में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा की शुरुआत मेरठ पब्लिक स्कूल से हुई और औघड़नाथ मंदिर स्थित शहीद स्मारक पर इसका समापन हुआ। इस दौरान कैडेट्स ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के जयघोष लगाए। अधिकारियों ने युवाओं से तिरंगे का सम्मान करने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

एनसीसी कैडेट्स ने हाथों में तिरंगा लेकर शहर में यात्रा निकाली।
राष्ट्रगीत के साथ हुई यात्रा की शुरुआत
तिरंगा यात्रा की शुरुआत मेरठ पब्लिक स्कूल परिसर में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके बाद सभी कैडेट्स हाथों में तिरंगा लेकर तय मार्ग पर निकल पड़े।
यात्रा सेना भर्ती कार्यालय के सामने से होते हुए सदर थाना और औघड़नाथ मंदिर पहुंची। यहां 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में बने शहीद स्मारक पर यात्रा का समापन किया गया।
युवाओं में देशभक्ति का संदेश
एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।

कैडेट्स ने 'भारत माता की जय' के नारों के साथ लोगों को जागरूक किया ।
राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील
एनसीसी ऑफिसर डॉ. विजयपाल सांवरिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगे का सम्मान सिर्फ अभियान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की अपील की।
सूबेदार संजीव कुमार ने किया नेतृत्व
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सूबेदार संजीव कुमार ने किया। यात्रा को सफल बनाने में हवलदार विनोद कुमार, प्रदीप दीक्षित और सोनिया ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे रास्ते कैडेट्स हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान लोगों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया।
.