बांका में चिकित्सा आपके द्वार कार्यक्रम शुरू: घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, NCD की जांच और उपचार पर फोकस - Banka News

Published on 2 सित॰ 2026

राज्य सरकार के 'जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार' कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को हुई।

.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम से इसे वर्चुअली लॉन्च किया।

इस कार्यक्रम का मकसद गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय पर पहचान, रोकथाम और इलाज को मजबूत करना है।

इसके जरिए आम लोगों को घर और समुदाय के पास ही स्वास्थ्य जांच और डॉक्टर की सलाह मिलेगी।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हाई ब्लड प्रेशर (BP), डायबिटीज, ओरल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी।

जांच में बीमारी या उसके लक्षण मिलने पर मरीजों को डॉक्टर की सलाह, जरूरी जांच और इलाज दिया जाएगा। गंभीर या संदिग्ध मामलों को जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था भी होगी।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्टिंग के जरिए

बांका जिले में इस कार्यक्रम के राज्यस्तरीय लॉन्च के लिए सदर अस्पताल समेत कई स्वास्थ्य केंद्रों में तैयारी की गई थी।

सदर अस्पताल बांका में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह की अगुवाई में कार्यक्रम हुआ।

यहां पटना से मुख्यमंत्री के लॉन्च कार्यक्रम को टू-वे कम्युनिकेशन के जरिए सीधे जोड़ा गया था।

इसके साथ ही, आरएच बौंसी, कटोरिया और अमरपुर के स्वास्थ्य केंद्रों को भी टू-वे कम्युनिकेशन से राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जोड़ा गया।

जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और दूसरे संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्टिंग के जरिए हुआ।

संबंधित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा

स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीवी और स्क्रीन पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देखा और सुना।

जांच और उपचार,चिकित्सा आपके द्वार कार्यक्रम के तहत समुदाय स्तर पर लोगों की नियमित BP और ब्लड शुगर जांच के साथ ओरल कैंसर एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की जाएगी।

इसके माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जिनमें NCD से संबंधित जोखिम कारक अथवा बीमारी के शुरुआती लक्षण मौजूद हैं।

जांच के दौरान संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा।

समन्वय और तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य बीमारी को गंभीर अवस्था में पहुंचने से पहले ही पहचानकर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक समन्वय और तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

इस कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. लक्ष्मण पंडित, प्रभारी जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, प्रभारी जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. एस.एस. दास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला लेखा प्रबंधक अमरेंद्र कुमार आर्य, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन डॉ. जावेद अली खान, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी (मानसिक स्वास्थ्य) राजेश कुमार और सदर अस्पताल प्रबंधक सुनील कुमार चौधरी मौजूद थे। इनके अलावा अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।