Noida Traffic Advisory: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 20 सितंबर को ट्रैफिक डायवर्जन, बंद रहेंगे कईं रास्ते, एडवाइजरी जारी
Noida Traffic Advisory: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत कई रास्तों से यात्रियों को बचने की सलाह दी है। इसके अलावा वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी।
- Published: 19 Sep 2026, 01:37 PM IST
- Last Updated: 19 Sep 2026, 01:37 PM IST
Noida Traffic Advisory: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने 20 सितंबर रविवार के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के तहत सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा।
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक इस दौरान भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। जरूरत पड़ने पर सामान्य यातायात को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है। हालांकि दूध, फल, सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों और मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री नियमों में छूट दी जाएगी।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वालों के लिए बदला रूट
- चिल्ला रेड लाइट या महामाया फ्लाईओवर की तरफ से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक या जीरो पॉइंट जाने वाले वाहनों को सामान्य मार्ग के बजाय डीएनडी फ्लाईओवर से पहले रजनीगंधा की ओर जाने वाले कट से डायवर्ट किया जाएगा।
- इसके बाद वाहन रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड रोड के रास्ते कुलेसरा-सूरजपुर की ओर जा सकेंगे।
- डीएनडी टोल और फिल्मसिटी की तरफ से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन सेक्टर-18 अंडरपास और एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी रूट में बदलाव रहेगा। इन्हें सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93, एल्डिको चौक और एनएसईजेड तिराहा होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा।
- वहीं, हाजीपुर या सेक्टर-82 से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से सेक्टर-93/92 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन फेस-2 और डीएससी रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वालों को भी करना होगा डायवर्टेड रूट का इस्तेमाल
- परीचौक से एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा आने वाले वाहनों को सूरजपुर तिराहा की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड रोड के रास्ते आगे बढ़ना होगा।
- यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो पॉइंट उतरने वाले वाहनों को परीचौक की दिशा में भेजा जाएगा। यहां से वाहन सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड रोड के रास्ते नोएडा की ओर जा सकेंगे।
- इस वजह से एक्सप्रेसवे पर सीधे सफर करने के बजाय कई वाहन चालकों को शहर के अंदर के वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। इससे यात्रा में सामान्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त समय लगने की संभावना है।
सेक्टर-151, 152 और 168 के लिए भी वैकल्पिक मार्ग
- हिंडन कट और सेक्टर-151/152 की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132 से उतारा जाएगा। इसके बाद वाहन जेनिसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक की ओर जा सकेंगे।
- हाजीपुर चौक के बाद विश्वकर्मा मार्ग से सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जाने का रास्ता रहेगा।
- इसी तरह सेक्टर-168 और सेक्टर-132 की तरफ से आने वाले वाहनों को भी सेक्टर-128 से उतरकर डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर के रास्ते हाजीपुर चौक पहुंचना होगा। यहां से विश्वकर्मा मार्ग के जरिए सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जाया जा सकेगा।
एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए सुगम और सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
‘प्रेरणा विमर्श 2026’ के चलते बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
दरअसल, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। संभावित वीआईपी दौरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है।
हालांकि, ट्रैफिक पुलिस की जारी एडवाइजरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा गया है। एडवाइजरी में केवल अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों के भ्रमण कार्यक्रम का उल्लेख किया गया है।
ऐसे में 20 सितंबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सफर करने वालों के लिए सलाह है कि घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। खासकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, परीचौक, जीरो पॉइंट, सेक्टर-93, सेक्टर-128 और भंगेल एलिवेटेड रोड से जुड़े यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से रखना उपयोगी रहेगा।