हिंगोरानी-रश्मि पर सहमति नहीं बनी,तो किरण का नाम तय हुआ: कांग्रेस ने 37 पार्षदों से की रायशुमारी; भाजपा में प्रदेश नेतृत्व से आया अनामिका का नाम - Ajmer News

Published on 16 सित॰ 2026

नगर निगम अजमेर के मेयर प्रत्याशी के नाम पर बीजेपी-कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन फैसला लिया। भाजपा ने सुबह 6 बजे अनामिका शर्मा को प्रत्याशी बनाने का निर्णय ले लिया था।

.

वहीं कांग्रेस पार्षद किसी एक नाम पर एक राय नहीं हुए। इसके बाद कांग्रेस ने सभी महिलाओं के नाम प्रदेश स्तर पर भेजे और आखिरकार किरण गढ़वाल के नाम पर मुहर लगी। बीजेपी-कांग्रेस की ये दोनों ही कैंडिडेट्स सामान्य महिला के लिए आरक्षित वार्ड से जीत कर आई है।

खास बात ये है कि अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व मेयर पद पर भाजपा ने जहां सामान्य वर्ग से कैंडिडेट उतारा, वहीं कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग से कैंडिडेट चुना है।

कांग्रेस ने भाजपा के पिछले कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णय को दोहरा दिया है। मेयर का अनारक्षित पद होने के बावजूद बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने ओबीसी वर्ग से धर्मेन्द्र गहलोत को मेयर बनाया।

सबसे पहले जानते है दोनों प्रत्याशी का प्रोफाइल…

भाजपा प्रत्याशी अनामिका शर्मा - अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित वार्ड 3 से पहली बार भाजपा ने टिकट दिया और चुनाव मैदान में उतरी। परिवार में आज तक किसी ने चुनाव नहीं लड़ा। राजनीति में नया चेहरा है। लघु उद्यमी है। शैक्षणिक योग्यता 10 वीं पास है। इनकी कुल संपत्ति 37.61 लाख रुपए है।

इनके पति मनीष शर्मा अजमेर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष है। ससुर सीताराम शर्मा भाजपा के मंडल अध्यक्ष व जिले में उपाध्यक्ष रह चुके है। शर्मा विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी की करीबी है। निर्दलीय प्रत्याशी संध्या काबरा को 954 मतों से हराया।

कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल - अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित वार्ड 57 से पहली बार कांग्रेस ने टिकट दिया और चुनाव मैदान में उतरी। परिवार में किसी ने कोई चुनाव नहीं लड़ा। राजनीति में नया चेहरा। किरण गृहिणी हैं। किरण ग्रेजुएट हैं और कुल संपत्ति 11.59 करोड़ रुपए है।

पति दिलीप गढ़वाल का मैरीज गार्डन है और वे ब्लॉक उपाध्यक्ष है। ससुर छोटेलाल गढ़वाल भी कांग्रेस में लम्बे समय तक जुडे़ रहे।पति दिलीप गढ़वाल कांग्रेस में लंबे समय से सक्रिय हैं। भाजपा प्रत्याशी नीतूसिंह को 284 मतों से हराया।

भाजपा व कांग्रेस ने पार्षदों से रायशुमारी की और बाद में प्रदेश स्तर से हुआ नाम फाइनल।

भाजपा व कांग्रेस ने पार्षदों से रायशुमारी की और बाद में प्रदेश स्तर से हुआ नाम फाइनल।

अब जानते है कैसे हुआ टिकट फाइनल

अनामिका शर्मा - भाजपा संगठन ने जीते हुए 32 पार्षदों से मंगलवार रात को रायशुमारी की गई और सभी से तीन तीन नाम मांगे गए। इसमें नलिनी शर्मा, मोनिका जैन सहित अन्य के नाम आए।

सभी ने तय किया कि प्रदेश स्तर से जो भी नाम तय होगा, वह सभी को मान्य होगा। इसके बाद नाम प्रदेश स्तर पर भेज दिए गए और सुबह करीब छह बजे प्रदेश स्तर से अनामिका शर्मा के नाम पर मुहर लगी।

किरण गढ़वाल - कांग्रेस ने भी जीते हुए सभी 37 पार्षदों से रायशुमारी की। लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई। इसमें मुख्य रूप से माने जाने वाले रश्मि हिंगोरानी व रश्मि शर्मा के नाम पर भी एक मत नहीं हुए।

कांग्रेस में सामान्य वर्ग से दो ही कैंडिडेट्स थी। इसके बाद कांग्रेस ने सभी महिला कैंडिडेट्स के नाम प्रदेश स्तर पर भेज दिए। बुधवार सुबह करीब 10 बजे किरण गढ़वाल के नाम पर मुहर लगी।

नामांकन भरने के दौरान क्या बोले कैंडिडेट्स

अनामिका शर्मा -भाजपा ने विश्वास जताया है और विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। भाजपा का बहुमत हो जाएगा और भाजपा का ही बोर्ड बनेगा। लोगों की समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए प्रयासरत रहूंगी।

किरण गढ़वाल - कांग्रेस ने विश्वास कर प्रत्याशी बनाया है तो भरोसे पर खरा उतरूंगी। हमारे पास 42 पार्षद है और बोर्ड बनाएंगे। सफाई, बिजली की समस्याओं के समाधान के साथ महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाएंगे।

अब जानते हैं पार्टी जिलाध्यक्षों ने क्या दावे किए…

कांग्रेस - कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष राजकमार जयपाल ने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर नाम तय हुए है। हमारी ओर से सभी महिला कैंडिडेट्स के नाम भेज दिए गए। सभी एक जुट है और प्रदेश के निर्णय को मानेंगे। सभी 11 निर्दलियों से सम्पर्क में है और कांग्रेस बोर्ड बनाएगी।

भाजपा- भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि सभी वर्गों का सम्मान रखते हुए अनामिका शर्मा को उतारा है। भाजपा को सीट कम मिलने के सवाल पर कहा कि भाजपा का वोट शेयर बढ़ा है। भाजपा फिर से बोर्ड बनाएगी। निर्दलियों का पूरा समर्थन है।

……….

पढें ये खबर भी…

अजमेर में मेयर पद पर अनामिका-किरण में होगा मुकाबला:भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित, नामांकन दाखिल; दोनों सामान्य महिला वार्ड से जीती

अजमेर में नगर निगम के 80 वार्डों के नतीजे सामने आने के बाद अब मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने अपना उम्मीदवार अनामिका शर्मा और कांग्रेस ने किरण गढ़वाल को घोषित कर दिया है। पूरी खबर पढें