VinFast Rasad इलेक्ट्रिक मैक्सी-स्कूटर का डिजाइन भारत में पेटेंट हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी टॉप स्पीड 100 kmph और मोटर पावर 7.1kW हो सकती है। जानें डिजाइन, फीचर्स और भारत लॉन्च को लेकर क्या है अपडेट।
VinFast: भारत का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार अब सिर्फ छोटे और शहरों के लिए बने स्कूटरों तक सीमित नहीं रह गया है। प्रीमियम और ज्यादा दमदार इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग के बीच वियतनाम की EV कंपनी VinFast भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में कंपनी ने अपने नए Rasad Electric Maxi-Scooter का डिजाइन भारत में पेटेंट कराया है। पेटेंट फाइलिंग से संकेत मिलता है कि VinFast भारतीय बाजार के लिए अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो को और बड़ा करने की योजना पर काम कर रही है। हालांकि, पेटेंट होना इस बात की गारंटी नहीं है कि स्कूटर भारत में लॉन्च भी होगा।
Sharp डिजाइन और Maxi-Scooter वाला लुक
VinFast Rasad को सामान्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों से बड़ा और ज्यादा प्रीमियम मैक्सी-स्कूटर डिजाइन दिया गया है। इसके फ्रंट में LED हेडलैंप के साथ V-Shape LED DRLs नजर आते हैं, जबकि लंबी विंडस्क्रीन इसे टूरिंग-ओरिएंटेड लुक देती है।
स्कूटर में स्टेप्ड सीट दी गई है, जिससे राइडर और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए अलग-अलग स्पेस मिलता है। इसके अलावा फ्लैट फ्लोरबोर्ड और स्प्लिट पिलियन ग्रैब रेल भी डिजाइन का हिस्सा हैं। बड़े अलॉय व्हील और चौड़े टायर इसे सड़क पर ज्यादा दमदार और प्रीमियम अपील देते हैं।
यह भी पढ़ें: Lucknow में Dog-Cat पालने वालों के लिए बड़ा नियम, अब लाइसेंस नहीं तो लगेगा भारी जुर्माना
आगे-पीछे डिस्क ब्रेक, Twin Shock Suspension
Rasad में सस्पेंशन सेटअप भी बड़े स्कूटरों की तर्ज पर रखा गया है। फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क और रियर में ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलने की जानकारी सामने आई है।
यानी डिजाइन के साथ-साथ कंपनी ने स्कूटर को स्टेबिलिटी और राइडिंग कम्फर्ट के लिहाज से भी मैक्सी-सcooter कैरेक्टर देने की कोशिश की है। हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल के फीचर्स में बदलाव किया जाएगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
100 kmph तक हो सकती है Top Speed
VinFast ने अभी Rasad की बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, वियतनामी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसमें सेंटर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकती है, जिसकी अधिकतम पावर करीब 7.1kW हो सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी टॉप स्पीड लगभग 100 kmph तक हो सकती है। अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं तो Rasad सामान्य सिटी-केंद्रित इलेक्ट्रिक स्कूटरों के मुकाबले ज्यादा हाई-स्पीड और प्रीमियम सेगमेंट में नजर आ सकता है। लेकिन बैटरी क्षमता, रेंज और चार्जिंग टाइम की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इसकी वास्तविक क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकेगा।
भारत में कब लॉन्च होगा VinFast Rasad?
Rasad से पहले VinFast भारत में Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर और Sulad कॉन्सेप्ट पर आधारित इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के डिजाइन भी पेटेंट करा चुकी है। कंपनी ने भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में 2026 में एंट्री करने की योजना बताई थी और शुरुआती रणनीति में तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर शामिल होने की बात सामने आई थी।
हालांकि, यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है कि भारत में डिजाइन पेटेंट दाखिल करने का मतलब यह नहीं है कि मॉडल को यहां जरूर लॉन्च किया जाएगा। फिलहाल VinFast ने Rasad की भारत लॉन्च डेट, कीमत, बैटरी क्षमता, रेंज या भारतीय स्पेसिफिकेशन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
अगर कंपनी इसे भारत में लॉन्च करती है तो इसका बड़ा आकार, मैक्सी-स्कूटर डिजाइन और संभावित 100 kmph टॉप स्पीड इसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में जगह दिला सकते हैं। अब नजर इस बात पर होगी कि VinFast भारतीय बाजार के लिए Rasad को सिर्फ पेटेंट तक सीमित रखती है या इसे वास्तव में सड़कों पर उतारने का फैसला करती है।
यह भी पढ़ें: EV खरीदने की सोच रहे हैं? रुक जाइए! सरकार की नई स्कीम में मिल सकती है हजारों की छूट