OMG 2 की कहानी के आइडिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच परेश रावल ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने साफ कहा कि उनका अक्षय कुमार से कोई विवाद नहीं है और उन्होंने स्क्रिप्ट को लेकर भी सफाई दी है।
परेश रावल ने OMG 2 कॉन्ट्रेवर्सी पर सफाई दी।
- Published: 18 Jul 2026, 05:50 PM IST
- Last Updated: 18 Jul 2026, 05:50 PM IST
Paresh Rawal OMG 2: फिल्म 'ओह माय गॉड 2 (OMG 2)' की कहानी के आइडिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच अभिनेता परेश रावल ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। अब परेश रावल ने खुद कहा कि उनका अभिनेता अक्षय कुमार से किसी तरह का कोई विवाद या मनमुटाव नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि OMG 2 की पूरी कहानी उन्होंने लिखी थी।
दरअसल, एक पॉडकास्ट में परेश रावल ने दावा किया कि 'OMG 2' की कहानी उनका आइडिया थी, लेकिन उन्हें इसका सही क्रेडिट नहीं मिला। इसके बाद, फिल्म के को-प्रोड्यूसर अश्विन वार्डे और डायरेक्टर अमित राय, दोनों ने इस दावे को गलत बताया। प्रोड्यूसर ने ये तक कहा कि रावल को अक्षय से परेशानी थी।
#PareshRawal says that the story of #OMG2 was his idea and he initially offered it to #AjayDevgn and #SalmanKhan before #AkshayKumar joined 🤯 pic.twitter.com/rYuUedSc1O
— Tod Cinematic (@TodCinematic) July 16, 2026
'अक्षय कुमार से कोई परेशानी नहीं है'
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में परेश रावल ने कहा- “अक्षय और मैं अगली फिल्म 'भागम भाग 2' कर रहे हैं, जो अश्विन की फिल्म है। अभी 'भूत बंगला' भी की है। अक्षय से मुझे सच में कोई दिक्कत नहीं है। क्यों होगी? अक्षय ने मुझे 'OMG 2' करने के लिए भी मनाने की कोशिश की थी, मैंने उनसे कहा कि यह सही विषय नहीं है; अगर हम फिल्म में सेक्स के बारे में बात करते हुए बीच में भगवान को ले आएंगे, तो यह लोगों को पसंद नहीं आएगा। लेकिन उन्होंने फिल्म बनाई, वह सफल भी रही, और मैं खुश हूं। पर बात अभी भी वही है, उस स्क्रिप्ट में भगवान की ज़रूरत नहीं थी।”
कहानी नहीं, सिर्फ कॉन्सेप्ट का मांगा था क्रेडिट
परेश रावल ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी फिल्म की पूरी कहानी लिखने का दावा नहीं किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में उन्होंने निर्देशक अमित राय के साथ फिल्म के विषय पर चर्चा की थी और सेक्स एजुकेशन पर फिल्म बनाने का एक विचार साझा किया था।
उन्होंने कहा कि उसी बातचीत के दौरान उन्होंने सुझाव दिया था कि विषय को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ पेश करने के लिए किसी विशेषज्ञ, जैसे प्रसिद्ध सेक्सोलॉजिस्ट से भी सलाह ली जानी चाहिए।
'मुझे सिर्फ आइडिया का श्रेय चाहिए था'
अभिनेता ने कहा कि फिल्म की आधिकारिक कहानी और स्क्रीनप्ले का श्रेय लेखक-निर्देशक अमित राय को ही जाता है और इसमें उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उनका मानना है कि यदि किसी फिल्म का मूल विचार या कॉन्सेप्ट किसी व्यक्ति से आया हो, तो उसे उसका उचित श्रेय मिलना चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी पैसे की मांग नहीं की, बल्कि केवल यह चाहा कि शुरुआती आइडिया देने के लिए उनका नाम भी क्रेडिट में शामिल किया जाए।
2023 में सुपरहिट रही थी OMG 2
साल 2023 में रिलीज हुई OMG 2 में पंकज त्रिपाठी, अक्षय कुमार और यामी गौतम मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की रिलीज 'गदर 2' के साथ हुई थी, लेकिन इसके बावजूद इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया हासिल की।