बोलते ही तैयार हो जाएंगे नोट्स और समरी! Plaud ने भारत में उतारे Note Pro और NotePin S, जानें कीमत - plaud launches note pro and wearable notepin s ai recorders in india

Published on 25 अग॰ 2026

AI नोट-टेकिंग डिवाइसेज बनाने वाली कंपनी Plaud ने भारत में ऑफिशियल एंट्री करते हुए अपने दो नए प्रोडक्ट्स Plaud Note Pro और वियरेबल NotePin S लॉन्च कर दिए हैं।

Plaud Note Pro और वियरेबल NotePin S भारत में हुए लॉन्च।

Plaud Note Pro और वियरेबल NotePin S भारत में हुए लॉन्च। 

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। ग्लोबल लेवल पर अपने AI नोट-टेकिंग इकोसिस्टम के लिए मशहूर कंपनी Plaud ने आखिरकार भारत में अपने पहले प्रोडक्ट्स लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने देश में अपना फ्लैगशिप डिवाइस Note Pro और वियरेबल डिवाइस NotePin S पेश किया है। ये डिवाइसेज कन्वर्सेशन और मीटिंग्स को रिकॉर्ड करने के साथ-साथ रिकॉर्ड किए गए डेटा को काम के ट्रांसक्रिप्ट्स, समरी और सर्च करने लायक कंटेंट में ऑटोमैटिक बदलने में मदद करते हैं। दोनों डिवाइसेज कंपनी के खुद के सॉफ्टवेयर फ्रेमवर्क 'Plaud Intelligence' से पावर्ड हार्डवेयर का इस्तेमाल करते हैं।

Plaud Note Pro और NotePin S: कीमत और उपलब्धता

भारत में फ्लैगशिप Plaud Note Pro की कीमत 20,990 रुपये रखी गई है, जबकि वियरेबल NotePin S की कीमत 19,990 रुपये तय की गई है। NotePin S 64GB इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है और ये ब्लैक, सिल्वर और पर्पल फिनिश में उपलब्ध है। वहीं Note Pro ब्लैक और सिल्वर फिनिश में मिलता है। दोनों डिवाइसेज और इनकी एक्सेसरीज को Amazon, Blinkit और कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।

Plaud Note Pro और NotePin S के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स

भारत में लॉन्च भले ही थोड़ी देर से हुआ हो, लेकिन इसके अपने फायदे हैं, जैसे रीजनल लैंग्वेज सपोर्ट। दोनों ही डिवाइसेज 112 से ज्यादा भाषाओं को सपोर्ट करते हैं, जिनमें हिंदी, तमिल, पंजाबी, तेलुगु, बंगाली, कन्नड़, असमिया, गुजराती और मलयालम शामिल हैं। डेटा सिक्योरिटी के मामले में ये डिवाइसेज ISO 27001/27701, GDPR, SOC 2, HIPAA और EN 18031 स्टैंडर्ड्स के लिए कंप्लायंट हैं। रिकॉर्डिंग्स को वेब एप, Plaud डेस्कटॉप एप या Plaud मोबाइल एप के जरिए एक्सेस किया जा सकता है।

Plaud Note Pro क्रेडिट कार्ड के साइज का डिवाइस है, जो सिर्फ 2.99mm पतला है और इसका वजन महज 30 ग्राम है। ये एक मैग्नेटिक स्लीव में फिट हो जाता है जिसे iOS या एंड्रॉयड स्मार्टफोन के बैक पैनल पर चिपकाया जा सकता है। इसमें एक कलर डिस्प्ले दिया गया है जो रिकॉर्डिंग स्टेटस के बारे में मिनिमल नोटिफिकेशन्स दिखाता है। साफ ऑडियो कैप्चर के लिए इसमें चार माइक्रोफोन और नॉइज-फिल्टरिंग की सुविधा दी गई है। डिवाइस के साथ बॉक्स में मैग्नेटिक केस और मैग्नेटिक रिंग मिलती है। Note Pro में 500mAh की बैटरी है और ये ब्लूटूथ व वाई-फाई से कनेक्ट होता है।

दूसरी तरफ, Plaud NotePin S एक वियरेबल डिवाइस है, जिसे नेकलेस, क्लिप, रिस्टबैंड या पिन की तरह पहना जा सकता है। इसके बॉक्स में मैग्नेटिक पिन, रिस्टबैंड, क्लिप और लैनयार्ड जैसी एक्सेसरीज साथ मिलती हैं। Note Pro के उलट, NotePin S में स्क्रीन नहीं है, बल्कि रिकॉर्डिंग स्टेटस दिखाने के लिए एक LED लाइट दी गई है। Note Pro की तरह ही इसमें रिकॉर्डिंग शुरू करने, रोकने या दोबारा चालू करने के लिए एक बटन मिलता है। इसका साइज 51 x 21 x 11mm और वजन 17.4 ग्राम है। NotePin S में 320mAh की बैटरी दी गई है और ये ब्लूटूथ और वाई-फाई कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है।