PM Modi address 10 key highlights: सेमीकंडक्टर, परमाणु ऊर्जा, वोकल फॉर लोकल... PM मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

Published on 15 अग॰ 2026

PM Modi Address 10 key Highlights: आज भारत की आजादी को 80 साल हो गए हैं. पीएम मोदी ने 15 अगस्त के मौके पर लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया. साथ ही पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया. 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार देश को संबोधित किया. इस बार समारोह की खासियत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर रहा. ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले लाल किले पर पहली बार इसका सामूहिक गायन किया गया.

'5 नए परमाणु रिएक्टर शुरू करना है'

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परमाणु ऊर्जा, ऊर्जा सुरक्षा का एक अहम जरिया है. हमने संसद में 'पीस एक्ट' पास करके एक नए लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया है. हम 2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं. हमारा मकसद इसी दशक में पांच नए परमाणु रिएक्टर शुरू करना है. इस साल भारत ने फास्ट ब्रीडर परमाणु तकनीक में महारत हासिल करके एक अहम उपलब्धि हासिल की है, जो परमाणु ईंधन के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है.

'5-8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू होंगे'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप सामने रखा. उन्होंने कहा कि देश में तीन बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट पहले ही काम शुरू कर चुके हैं और यहां बनने वाली चिप्स का निर्यात भी हो रहा है. पीएम मोदी के मुताबिक, अगले 7-8 वर्षों में 5 से 8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू होने की उम्मीद है, जिससे इस क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता और मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के साथ AI और डेटा सेंटर जैसी भविष्य की तकनीकों के विस्तार के लिए पर्याप्त बिजली और मजबूत ऊर्जा सुरक्षा भी जरूरी होगी.

आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को देश की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि इन अभियानों के प्रति आज देशवासियों का जुड़ाव लगातार मजबूत हो रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि सस्ते विदेशी सामानों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता देश के हित में नहीं है.

70 से 700 शहरों में पहुंची गैस पाइप लाइन

80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 12 साल पहले, सिर्फ़ 70 शहरों में पाइप वाली गैस लाइन की सुविधा थी। पिछले 12 सालों में यह संख्या बढ़कर 700 शहर हो गई है. आज देश में 1.75 करोड़ घर पाइप वाली गैस लाइन से जुड़े हैं. 

1 साल में 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग  

पीएम मोदी ने कहा कि अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल की ट्रेनिंग मिलेगी. कहा कि ताकि देश का नौजवान AI की दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो. 

सप्तधारा को बताया सॉफ्ट पावर

पीएम मोदी ने लाल किला से कहा कि सप्त धारा की सातवीं ताकत भारत की 'सॉफ्ट पावर' है. आज योग ने दुनिया को भारत से जोड़ा है. हमारा आयुर्वेद, होलिस्टिक हेल्थकेयर, हैंडीक्राफ्ट, संस्कृति, फिल्में, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट- दुनिया भारत के WAVES समिट को पहचान रही है और उसका बेसब्री से इंतजार कर रही है. हमारे पास 100 से ज्यादा नेशनल पार्क हैं। हमारे पास 'सॉफ्ट पावर' के ज़रिए विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने का मौका है.

यह भी पढ़ें: 'मैं आपसे मदद मांगता हूं...', PM मोदी ने किया टैलेंट हंट का ऐलान, फिर जानिए क्यों कही ऐसी बात?

विपक्ष पर क्यो बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में पिछले 10-12 वर्षों की चुनौतियों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर बिना नाम लिए निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए देश को कोरोना महामारी जैसी बड़ी वैश्विक आपदा का सामना करना पड़ा, जिससे दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई. इसके बाद यूक्रेन और पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण वैश्विक तनाव बढ़ा. पीएम मोदी ने कहा कि इन तमाम संकटों के बीच भी भारत ने अपनी विकास यात्रा जारी रखी और लक्ष्य से पीछे नहीं हटा. और पता नहीं भविष्यवक्ताओं ने तो क्या-क्या घोषणाएं कर दी थीं.

पेट्रोल-डीजल, खाद, दवाईयां पर क्या बोले मोदी?

लाल किला से पहले पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब मैं आत्मनिर्भरता की बात कर रहा था तो कुछ एयरकंडीशनर चेंबर में बैठकर सोचने वाले लोग हमें बता रहे थे कि ग्लोबलाइजेशन का क्या होगा लेकिन पूरी दुनिया देख रही है कि पिछले 1 दशक में ऐसा लग रहा है कि लोगों ने ग्लोबलाइजेशन बोलना ही बंद कर दिया. जहां से ग्लोबलाइजेशन की आवाजें आती थीं, अब वो आवाजें सुनाई नहीं देती है, लेकिन दुर्भाग्य से इस संकट के कालखंड में कुछ लोगों ने अपना रुतबा दिखाने के लिए संसाधनों को वेपनाइज्ड करने का खेल खेला है.

कहा कि दुनिया अपने पास जो कुछ भी है उसे वेपनाइज्ड करने में लगी है. संसाधनों का वेपनाइज्ड, पेट्रोल, डीजल, खाद, दवाईयां, इतना ही नहीं भूभाग को भी वेपनाइज्ड किया जा रहा है. ऐसे समय अगर हम आत्मनिर्भर के मंत्र को लेकर 10 साल सही दिशा में न चले होते तो हम ऐसी चुनौतियों का मजबूती से सामना कैसे करते. 

25 करोड़ गरीबी रेखा से बाहर निकले-  पीएम मोदी 

लाल किला से पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के कोटि-कोटि नागरिकों ने एक संकल्प के साथ, समर्पण के साथ देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हर प्रकार से प्रयास किया है. मैं उनके इन प्रयासों को आदरपूर्वक स्वीकार करता हूं. उसी का परिणाम है कि इतने कम समय में 25 करोड़ देशवासी गरीबी को परास्त करके उससे बाहर निकले हैं.

दुनिया के टॉप-5 बैंकों में भारत के हों- पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में भारत के बैंकिंग और फार्मा सेक्टर के लिए बड़ा वैश्विक लक्ष्य तय किया. उन्होंने कहा कि कम से कम एक भारतीय बैंक दुनिया के टॉप-5 बैंकों में शामिल होना चाहिए. साथ ही, भारतीय फार्मा कंपनियों को भी वैश्विक स्तर पर शीर्ष पांच कंपनियों में जगह बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए. पीएम मोदी ने कहा कि आर्थिक मजबूती के साथ भारतीय कंपनियों को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ना होगा.

यह भी पढ़ें: क्या है सप्त धारा की सातवीं ताकत? लाल किला से PM मोदी ने जिसे बताया सॉफ्ट पावर