'मुझे बेरहमी से मारना' महिला ने खुद की दी सुपारी, मरने के लिए पहुंच गई अमेरिका
Jul 29, 2026 10:34 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Sonia Exelby murder case: अमेरिका में ब्रिटिश महिला सोनिया एक्सेलबी की हत्या का मामला एक बार फिर से चर्चा में हैं। पुलिस ने कोर्ट में दायर डॉक्यूमेंट्स में बताया है कि आरोपी और सोनिया पिछले काफी दिनों से ऑनलाइन बातचीत कर रहे थे। सोनिया ने अपनी हत्या के लिए उसे पैसे भी दिए थे।

सोनिया एक्सेलबी मर्डर केस
Sonia Exelby murder case: क्या कोई इंसान किसी को खुद की सुपारी दे सकता है? सुपारी का मतलब तो आप जानते ही होंगे, अंग्रेजी भाषा में इसे कॉन्ट्रैक्ट किलिंग कहा जाता है। ऐसे कई मामले सामने आते रहते हैं, जिसमें अपने दुश्मन को खत्म करने के लिए लोग इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं और बाद में पकड़े भी जाते हैं। लेकिन अमेरिका से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर पिछले साल एक ब्रिटिश महिला चाकू से गुदी हुई लाश मिली थी। अब स्थानीय पुलिस ने दावा किया है कि महिला ने खुद ही आरोपी से उसकी बेरहमी के साथ हत्या करने के लिए कहा था। यहां तक कि वह मरने के लिए ही अमेरिका आई थी। इस मामले की सुनवाई की जा रही है।
अमेरिका के स्थानीय मीडिया आउटलेट्स के मुताबिक, पीड़िता की पहचान ब्रिटेन के पोर्ट्समाउथ निवासी 32 वर्षीय सोनिया एक्सेलबी के रूप में हुई है। दूसरी तरफ आरोपी ड्वेन हॉल अमेरिका के फ्लोरिडा का रहने वाला है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, ब्रिटिश महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने एक सामान्य मर्डर केस के अनुसार छानबीन की और ड्वेन हॉल को शक के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया, तो उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई। सोनिया और ड्वेन पिछले तीन सालों से लगातार ऑनलाइन बात कर रहे थे। इस दौरान सोनिया लगातार उसे यौन और अपनी हिंसात्मक फेटिश के बारे में बताती रहती थी। ड्वेन भी अपने आपको उसी तरीके से बताता था।
मर्डर करवाने के लिए अमेरिका पहुंची थी ब्रिटिश महिला
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सोनिया के लैपटॉप और फोन से इस बात की जानकारी मिली है कि ड्वेन और वह एक हार्डकोर पोर्न फेटिश बेवसाइट के जरिए मिले थे। ड्वेन ने भी इसकी पुष्टि की है। इसके बाद वह दोनों लगभग एक साल तक बात करते रहे। इस दोनों ही अपनी फेटिश को एक-दूसरे के सामने बयान करते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया ने ड्वेन से कहा कि वह चाहती है कि उसे बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया जाए। 'ताकि वह इंसानी बंधनों से मुक्त हो सके।' कुछ दिनों के बाद ड्वेन भी इसके लिए तैयार हो गया।
2024 में पहली बार अमेरिका आने का किया प्रयास
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनिया ने सबसे पहले अगस्त 2024 में हॉल से मिलने के लिए अमेरिका जाने की कोशिश की थी। लेकिन उसकी मानसिक हालत को देखते हुए हैम्पशायर पुलिस ने दखल दिया और उसका लैपटॉप और फोन जब्त करके उसकी अमेरिका यात्रा रद्द करवा दी। इसके बाद भी सोनिया रुकी नहीं और लगातार प्रयार करती रही।
सोनिया ने हॉल को पैसे भी भेजे- रिपोर्ट्स
लगातार हॉल के साथ बातचीत के दौरान दोनों की दोस्ती भी गहरी हो गई। इस पर हॉल ने एक बार उससे काम के बदले में पैसे की पेशकश भी की। हॉल ने सोनिया से कहा कि उसे करीब 10 हजार अमेरिकी डॉलर का पेमेंट करना है। इसके बाद सोनिया उसे करीब 4 हजार डॉलर देने के लिए तैयार हो गई। इस दौरान सोनिया ने एक बार फिर कहा कि यह पैसे उसके काम को खत्म करने के लिए दे रही है।
अक्तूबर में अमेरिका पहुंची सोनिया
पहली बार अमेरिका जाने का प्लान फेल होने के बाद सोनिया करीब एक साल तक प्रयास करती रही। अक्तूबर 2025 में उसे यह मौका मिल गया। 10 अक्तूबर को सोनिया फ्लोरिडा के लिए रवाना हो गई। यहां पर एयरपोर्ट पर ही हॉल उसे लेने के लिए भी आया। यहां से दोनों कार के जरिए एक सुनसान कॉजेट के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि सोनिया से मिलने के पहले हॉल ने फावडा, रस्सी, गन क्लीनर और डिओडोरेंट स्प्रे खरीदा था।
आखिर में डर गई थी सोनिया
पुलिस के मुताबिक, हॉल के पास आने के बाद सोनिया को शायद अपनी गलती का अहसास हो गया था। उसने वहां से अपने एक ऑनलाइन फ्रेंड को मैसेज भेजा। इसमें लिखा, "मुझे लग रहा था कि वह मुझे मारने से पहले सोचने का समय नहीं देगा। लेकिन ऐसा नहीं है। अब मेरा समय खत्म हो रहा है।"
पुलिस ने बताया कि सोनिया की लाश मिलने के बाद पुलिस ने हॉल का फोन और लैपटॉप भी बरामद किया था। इस लैपटॉप का डाटा रिकवर करने पर पुलिस को एक वीडियो मिला। इसमें सोनिया के शरीर पर काफी चोटें थीं और वह काफी डरी हुई लग रही थी। इस वीडियो में हॉल बार-बार उसे यह बोलने के लिए कह रहा था कि वह अपनी मर्जी से मरने के लिए आई है। लेकिन इस वीडियो में वह ऐसा कुछ भी बोलने की हालत में नहीं थी।
हॉल ने अपनी पत्नी से क्या कहा?
पुलिस ने बताया कि हॉल की मानसिक जांच की जा रही है। सोनिया के परिजनों के मुताबिक वह एक जिंदादिल और खुशमिजाज लड़की थी। वह ऐसे किसी भी काम में नहीं थी। वहीं, हॉल ने जेल से अपनी पत्नी को किए फोन कॉल में इस बात का जिक्र किया है कि उसे नहीं लगता कि उसने कुछ भी गलत किया है। हॉल के मुताबिक, उसने सोनिया को वही दिया, जिसके लिए वह अमेरिका आई थी।
बता दें, हॉल फिलहाल जेल में बंद है और उस पर हत्या का मुकदमा चल रहा है। अगर यह आरोप सिद्ध होते हैं, तो हल को मौत की सजा मिल सकती है।
