प्रयागराज आर्य कन्या कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम: 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ीं छात्राएं, पर्यावरण क्लब गठित - Prayagraj (Allahabad) News

Published on 11 जुल॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Prayagraj
  • Arya Kanya College Prayagraj Tree Plantation Ek Ped Maa Ke Naam Drive

प्रयागराज आर्य कन्या कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम:'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ीं छात्राएं, पर्यावरण क्लब गठित

सचिन प्रजापति | प्रयागराज7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत हुआ, जिसमें छात्राओं और शिक्षकों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

विद्यालय के प्रबंधक पंकज जयसवाल के आवाहन पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को संबोधित किया। जयसवाल ने कहा कि प्रकृति हमारी जीवनदायिनी है और वृक्ष उसके अनमोल उपहार। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को मातृत्व, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सके।

इसी अवसर पर विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक पर्यावरण क्लब का भी गठन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना प्रजापति को क्लब का अध्यक्ष बनाया गया। आशा श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी और रितु श्रीवास्तव को संरक्षिका की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस क्लब का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जल संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

छात्राओं में आस्था त्रिपाठी को क्लब का अध्यक्ष और आराध्या सिंह को सचिव नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त, 20 छात्राओं को क्लब का सदस्य नामित किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में क्लब का विस्तार कर अधिक छात्राओं को इससे जोड़ा जाएगा।

प्रबंधक पंकज जयसवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय की छात्राएँ इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। वे प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचाएंगी। उन्होंने सभी से हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अनुपम श्रीवास्तव, वंदिता, सलोनी, शारदा कुमारी, मनीक्षा श्रीवास्तव, रूपा गुप्ता सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

.