दहेज के लिए पत्नी की हत्या:बलरामपुर में पति समेत दो भाई गिरफ्तार, चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे
सुजीत कुमार | बलरामपुर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत दो आरोपियों को शनिवार दोपहर 3 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने और साक्ष्य छिपाने का प्रयास करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम मधपुर निवासी आस मोहम्मद ने बताया कि उनकी बहन का विवाह 11 जून 2019 को ग्राम बल्दीडीह रघवापुर निवासी अफसर से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज, विशेषकर चार पहिया वाहन की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न कर रहा था।
7 जुलाई 2026 को आस मोहम्मद को बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्हें शव घर के अंदर मिला। इसके बाद पति एवं अन्य ससुरालियों के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस मामले में थाना कोतवाली देहात पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। दोपहर लगभग 3 बजे ग्राम बल्दीडीह रघवापुर से नामजद आरोपी अफसर पुत्र मैनुद्दीन और सद्दाम पुत्र मैनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अफसर ने खुलासा किया कि विवाह के समय चार पहिया वाहन देने का आश्वासन दिया गया था, जो पूरा नहीं हुआ। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पत्नी द्वारा मायके से वाहन की मांग करने से इनकार करने पर उसने अपने दोनों भाइयों के साथ मिलकर नए मकान में पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को पुराने घर के पास चारपाई पर रखकर सामान्य मृत्यु का रूप देने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
.