रामपुर में बाढ़ की आशंका, प्रशासन अलर्ट:एडीएम आनंद कुमार सिंह ने कोसी नदी के संवेदनशील गांवों का निरीक्षण किया
ओमपाल | रामपुर21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामपुर में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनंद कुमार सिंह ने शनिवार दोपहर कोसी नदी से जुड़े संवेदनशील गांवों का निरीक्षण किया।
उन्होंने तहसील सदर के भैया नगला और बेनाजीर उर्फ घाटमपुर गांवों में राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नायब तहसीलदार सदर और आपदा प्रबंधन टीम भी उनके साथ थी।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने वर्ष 2021-22 में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित हुए क्षेत्रों, जलमग्न मार्गों और संभावित बाढ़ प्रभावित स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर संभावित जोखिमों की समीक्षा की और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

भैया नगला में अपर जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पुलिया का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार को सेतु निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने को कहा, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और कटान की स्थिति में ग्रामीणों का आवागमन बाधित न हो। साथ ही, संबंधित मार्गों को सीसी सड़क से मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए।
बेनाजीर उर्फ घाटमपुर में एडीएम ने वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

निरीक्षण के बाद, एडीएम ने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन की राहत एवं बचाव योजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर राहत शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा, शौचालय, बिस्तर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एडीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।
.