देश
राजा रघुवंशी के भाइयों पर फिर गिरी गाज! इंदौर के ढाबे में अवैध शराब परोसने के आरोप में गिरफ्तार
- Edited by: पीयूष कुमार
- Updated Aug 9, 2026, 09:54 AM IST
इंदौर के चर्चित मेघालय हनीमून मर्डर केस में मारे गए राजा रघुवंशी के दो बड़े भाई सचिन और विपिन रघुवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर CAT रोड स्थित राजा भोज ढाबे में बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने का आरोप है। पुलिस ने ढाबे के तीन कर्मचारियों को भी एहतियातन हिरासत में लिया।
![]()
राजा रघुवंशी के भाई बुरे फंसे! ढाबे में बिना लाइसेंस शराब परोसने के आरोप में गिरफ्तार। AI IMAGE
मेघालय हनीमून मर्डर केस में मारे गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। इंदौर पुलिस ने राजा रघुवंशी के दो बड़े भाइयों को उनके ढाबे में बिना लाइसेंस शराब परोसे जाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ढाबे के तीन कर्मचारियों को भी एहतियातन हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, राऊ थाना क्षेत्र में होटलों, ढाबों और लॉज की जांच के दौरान CAT रोड स्थित राजा भोज ढाबे में ग्राहकों को कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। जांच के दौरान सामने आई इस अनियमितता के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
दो भाइयों समेत कर्मचारियों पर कार्रवाई
सहायक पुलिस आयुक्त निधि सक्सेना के अनुसार, राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी ढाबे के संचालन से जुड़े थे। पुलिस ने दोनों के साथ तीन कर्मचारियों को भी संज्ञेय अपराध रोकने के प्रावधानों के तहत एहतियातन गिरफ्तार किया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को यह भी पता चला कि ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी थाने में उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इस मामले में ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस कार्रवाई के बाद सचिन और विपिन रघुवंशी को अदालत के सामने पेश किया गया, जहां अदालत के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में होटल, ढाबे और लॉज की जांच आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
कौन थे राजा रघुवंशी?
राजा रघुवंशी मई 2025 में अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए मेघालय गए थे। वहां दोनों के लापता होने के बाद राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। मामले की जांच में पुलिस ने सोनम रघुवंशी, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस हत्याकांड ने देशभर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
अब राजा रघुवंशी के भाइयों की गिरफ्तारी एक अलग मामले में हुई है। पुलिस की कार्रवाई का आधार ढाबे में बिना लाइसेंस शराब परोसने और कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने से जुड़े आरोप हैं।
![]()
पीयूष कुमारauthor
पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article