पालकमंत्री भोयर ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, आयुष्मान कार्ड और अस्पताल सुविधाओं पर फोकस| Navbharat Live

Published on 9 अग॰ 2026

पालकमंत्री भोयर ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, आयुष्मान कार्ड और अस्पताल सुविधाओं पर फोकस

विज्ञापन

सार

Wardha Ayushman Card: वर्धा में शहरी क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड पंजीयन बढ़ाने के लिए वार्डवार विशेष अभियान चलाया जाएगा। पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए।

wardha ayushman card registration ward wise campaign

वर्धा स्वास्थ्य विभाग- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)

विस्तार

Wardha Health Department: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। जिले में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस योजना का लाभ मिले, इसके लिए शहरी क्षेत्रों में वार्डवार विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड का पंजीयन बढ़ाया जाए, ऐसे निर्देश पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने दिए। जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय एकात्मिक स्वास्थ्य वर्धिनी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधायक सुमित वानखेडे, जिलाधिकारी वान्मथी सी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पराग सोमण, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. सुमंत वाघ, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वप्नील बेले, कुष्ठरोग सहायक संचालक डॉ. रा. ज. पराडकर सहित सभी चिकित्सा अधीक्षक एवं तालुका स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे। पालकमंत्री ने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड पंजीयन का प्रमाण 90 प्रतिशत से अधिक है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अपेक्षाकृत कम है। इसलिए नगरसेवकों के सहयोग से वार्डवार अभियान चलाया जाए।

वर्धा के शहरी क्षेत्रों में बढ़ेगा आयुष्मान कार्ड पंजीयन

इसके लिए जिले के सभी नगरसेवकों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और मुख्याधिकारियों की स्वतंत्र बैठक आयोजित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में सुविधाओं को और आधुनिक बनाने तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखकर आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रयास किए जाएंगे। अस्पतालों में चिकित्सक एवं आवश्यक स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सभी ऑपरेशन थिएटरों को सुचारु एवं उपयोग योग्य रखने के निर्देश भी दिए।

सम्बंधित ख़बरें

सोलर प्रणाली के नुकसान को लेकर गंभीर

जिले के अधिकांश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर प्रणाली स्थापित की गई है। बंदरों के कारण कुछ स्थानों पर सोलर प्रणाली को नुकसान पहुंचने की शिकायतों को देखते हुए भविष्य में सोलर संयंत्रों के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने तथा संबंधित ठेकेदार पर दस वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी तय करने की बात पालकमंत्री ने कही। साथ ही दिसंबर तक जिले को क्षयरोग मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़े: चंद्रपुर मनपा में कोरम को लेकर सियासी खींचतान, धानोरकर गुट पड़ा अलग-थलग, नए गठजोड़ की चर्चा तेज

स्वास्थ्य संस्थाओं की मरम्मत की मांग

विधायक सुमित वानखेडे ने नई वीबीजी रामजी योजना के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थाओं की मरम्मत और सुरक्षा दीवार जैसे कार्य प्रस्तावित करने की मांग की। उन्होंने आष्टी तहसील के लिए अतिरिक्त 108 एंबुलेंस, कारंजा ट्रॉमा केयर सेंटर को पूर्ण क्षमता से शुरू करने, आर्वी में चिकित्सक पद भरने तथा उपजिला अस्पतालों में बायोमेट्रिक प्रणाली लगाने की मांग रखी। बैठक की शुरुआत जिला शल्य चिकित्सक डॉ. सुमंत वाघ ने जिले के स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत कर की।

Follow Navbharatlive whatsapp