सपा और कांग्रेस जाति के आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रहीं: आदित्यनाथ

Published on 11 जुल॰ 2026

गोरखपुर (उप्र), 11 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को कमजोर करने और राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सत्ता में रहते हुए विकास को बढ़ावा देने में विफल रही हैं।

गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में 757 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाली 24 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र बांटने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि विकास ही खुशहाली की कुंजी है और उन्होंने समाज को बांटने की कोशिशों के खिलाफ चेतावनी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘याद रखें, जाति के नाम पर लोगों को बांटने की विपक्ष की साजिश का उद्देश्य इन विकास कार्यों में बाधाएं पैदा करना है। जब समाजवादी पार्टी या कांग्रेस सत्ता में थी, तो कोई विकास नहीं हुआ और विकास कार्यों को कोई प्रोत्साहन नहीं मिला।’

Join Our Whatsapp Group

कांग्रेस का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज मैं एक कांग्रेस नेता का बयान पढ़ रहा था, जिसमें दावा किया गया था कि पार्टी ने कभी नहीं कहा कि भगवान राम काल्पनिक हैं। मैं 2006 में उच्च्तम न्यायालय में कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा दायर हलफनामे के बारे में पूछना चाहता हूं, जिसमें उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण को मिथक बताने का प्रयास किया था।’

आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हिंदू आस्था का अपमान करने का भी आरोप लगाया और कहा, ‘‘कांग्रेस ने शुरू से ही हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। उसने सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण प्रतिष्ठा समारोह में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को आमंत्रित करने का विरोध किया और बार-बार भारत की महान हस्तियों का अपमान किया है।’

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘इसका इतिहास राम भक्तों के खून से रंगा हुआ है। इसने भारत की विरासत और पहचान का अपमान किया है। याद कीजिए कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कैसे दंगे हुए, कैसे त्योहारों को प्रतिबंधित किया गया और कांवड़ यात्रा रोक दी गई।’

यह दावा करते हुए कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारें एक साथ विकास को बढ़ावा दे रही हैं और विरासत को संरक्षित कर रही हैं, आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार के तहत विकास की गति को स्वीकार करने में असमर्थ है।

वर्ष 2017 से पहले की स्थिति को याद करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह क्षेत्र एन्सेफलाइटिस, प्रवासन, पिछड़ेपन और कल्याणकारी योजनाओं के खराब कार्यान्वयन से पीड़ित था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है और मुफ्त राशन, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के लाभ गरीबों, महिलाओं और बुजुर्गों तक पहुंच रहे हैं।

भाषा सं जफर संतोष

संतोष

संतोष