‘हैवान’ का टीजर देख खड़े होंगे रोंगटे, अक्षय की शैतानी हंसी और सैफ के नेत्रहीन किरदार ने बढ़ाई धड़कने

Published on 12 अग॰ 2026

Haiwaan Teaser: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की अपकमिंग क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ का टीजर रिलीज हो चुका है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की करीब 45 सेकेंड की झलक ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। खास बात यह है कि टीजर में मेकर्स ने दोनों लीड एक्टर्स के चेहरे नहीं दिखाए हैं। सिर्फ परछाइयों और छोटे-छोटे सीन्स के जरिए किरदारों की झलक दी गई है, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर रहस्य और गहरा हो गया है। तो चलिए जानते हैं आखिरकार टीजर में क्या कुछ खास है।

रहस्यमयी अंदाज में शुरू होता है टीजर

टीजर की शुरुआत एक महिला की आवाज और उदास धुन के साथ होती है। इसके बाद सैफ अली खान के किरदार की परछाई नजर आती है, जो फोन पर किसी से बात करता दिखाई देता है। कुछ ही सेकेंड में यह साफ हो जाता है कि सैफ का किरदार देख नहीं सकता। इसके बाद स्क्रीन पर एक दूसरी परछाई दिखाई देती है, जो फिल्म में अक्षय कुमार के किरदार की मौजूदगी का संकेत देती है।

सैफ का नेत्रहीन किरदार है कहानी का अहम हिस्सा

टीजर में सैफ को छड़ी के सहारे चलते और सीढ़ियां उतरते हुए दिखाया गया है। उनका किरदार समय देखने के लिए टैक्टाइल घड़ी का इस्तेमाल करता है। इन छोटे-छोटे सीन्स से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनकी नेत्रहीनता कहानी का इंपोर्टेंट हिस्सा होने वाली है। इसके बाद टीजर का माहौल अचानक बदलता है और एक हत्या की झलक दिखाई जाती है। फिर एक सीन में एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा मदद के लिए हाथ उठाता नजर आता है। इसके बाद ऊंचाई से नोट गिरते हुए दिखाई देते हैं। इन सीन्स ने हत्या के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 

अक्षय की खतरनाक हंसी ने बढ़ाया डर

टीजर के आखिरी हिस्से में अक्षय कुमार का किरदार कांच की दीवार के पास नजर आता है। वह दीवार पर हाथ टिकाकर दूसरी तरफ देखते दिखाई देते हैं। इसके बाद लाल रंग में फिल्म का टाइटल ‘हैवान’ सामने आता है। सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है अक्षय के किरदार की डरावनी और सनकी हंसी, जो टीजर को एक अलग ही खौफनाक टोन देती है।

टीजर पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन 

टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर फैंस के रिएक्शन आने लगे हैं। कई यूजर्स ने फिल्म को अभी से ब्लॉकबस्टर बताया है। कुछ लोगों ने अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी की तारीफ की, तो कई दर्शकों को सैफ का नेत्रहीन किरदार ज्यादा दिलचस्प लगा। वहीं, टीजर के अंत में सुनाई देने वाली अक्षय की हंसी को भी खूब पसंद किया जा रहा है।

‘ओप्पम’ की कहानी का रीमेक है ‘हैवान’

‘हैवान’ साल 2016 में आई मलयालम नियो-नॉयर क्राइम थ्रिलर ‘ओप्पम’ का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है। ओरिजिनल फिल्म में मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हिंदी वर्जन में सैफ अली खान उसी भूमिका को निभा रहे हैं। फिल्म में वह एक नेत्रहीन मार्शल आर्टिस्ट के किरदार में नजर आएंगे, जो एक छोटी बच्ची को एक खतरनाक साइकोपैथ से बचाने की कोशिश करता है। 

फिल्म में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट

अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा फिल्म में सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और बोमन ईरानी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म के टीजर से संकेत मिलता है कि कहानी में सस्पेंस, क्राइम और एक्शन का मजबूत कॉम्बो देखने को मिलेगा। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। 

FAQ

Q.

‘हैवान’ में कौन-कौन से कलाकार हैं?

A.

फिल्म में अक्षय कुमार, सैफ अली खान के अलावा सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में हैं।

Q.

‘हैवान’ कब सिनेमाघरों में रिलीज होगी?

A.

‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Q.

‘हैवान’ में सैफ अली खान कौन-सा किरदार निभा रहे हैं?

A.

सैफ अली खान फिल्म में एक नेत्रहीन मार्शल आर्टिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक छोटी बच्ची को खतरनाक साइकोपैथ से बचाने की कोशिश करता है।

Q.

‘हैवान’ में अक्षय कुमार का किरदार कैसा है?

A.

टीजर में अक्षय का किरदार बेहद रहस्यमयी और खौफनाक नजर आ रहा है। उनके किरदार की सनकी हंसी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।

AlsoRead: खतरों के खिलाड़ी में हुआ कुछ ऐसा, फरहाना नहीं रोक पाईं अपने आंसू