जालोर में एमडी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार: हैदराबाद में जुटाई थी केमिकल की जानकारी, ज्यादा पैसे के लालच में बनाना शुरू किया - Sanchore News

Published on 12 अग॰ 2026

जालोर जिले की चितलवाना पुलिस ने अवैध एमडी ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आरोपी पहले हैदराबाद में केमिकल की दुकान पर काम करता था। जहां से उसने केमिकल की जानकारी जुटाई। इके बाद ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वह एमडी बनाने लगा।

.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 5.18 ग्राम एमडी, 76.71 किलो केमिकल, एमडी निर्माण में काम आ रहा सामान और पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनोहरलाल (36) को गिरफ्तार किया है।

मिट्टी के नीचे नीले ड्रम में आरोपी ने केमिकल छिपा रखा था।

मिट्टी के नीचे नीले ड्रम में आरोपी ने केमिकल छिपा रखा था।

इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने दी दबिश

ANTF महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने बताया- नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरधर धोरा में एक निर्माणाधीन मकान और उसके आसपास खेत में MD बनाने की गतिविधियां चल रही हैं। सूचना पर ANTF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक युवक घबरा गया। पूछताछ में उसकी पहचान मनोहरलाल निवासी चितलवाना के रूप में हुई।

मकान की दूसरी मंजिल से मिला इलेक्ट्रॉनिक कांटा

मकान की तलाशी के दौरान दूसरी मंजिल के एक बंद कमरे से इलेक्ट्रॉनिक कांटा, इलेक्ट्रिक चूल्हा, बड़ा फ्रिज सहित MD निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री मिली। इसके बाद खेत की तलाशी लेने पर कंटीली झाड़ियों और जमीन के नीचे छिपाए गए ड्रम, बिलौना मशीन की मोटरें तथा मशीन के विभिन्न पार्ट्स बरामद हुए।

बोलेरो में तैयार एमडी मिला

चार ड्रम और एक प्लास्टिक बोतल में तेज गंध वाला केमिकल मिला, जिसका कुल वजन 76.71 किलोग्राम बताया गया है। टीम ने खेत में खड़ी बोलेरो पिकअप की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से 5.18 ग्राम तैयार MD बरामद हुई। वाहन से भगोला, छलनी और चाकू भी मिले।

पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में केमिकल बरामद किया है।

पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में केमिकल बरामद किया है।

हैदराबाद में केमिकल की दुकान पर काम करता था युवक

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले हैदराबाद में केमिकल की दुकान पर मजदूरी करता था, जहां उसे केमिकल संबंधी जानकारी हुई। बाद में वह डोडा पोस्त और शराब तस्करी से जुड़ा तथा वर्ष 2019 में गोगुंदा पुलिस द्वारा पकड़ा भी गया था।

ज्यादा पैसा कमाने के लालच में एमडी बनाना शुरु किया

पुलिस के अनुसार बाद में अधिक पैसा कमाने की लालसा में उसने MD निर्माण की गतिविधि में कदम रखा। ANTF ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त सामग्री को कब्जे में लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।