Kumar Sanu on Dawood Ibrahim: 90 के दशक में बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर प्लेबैक सिंगर्स में शुमार रहे कुमार सानू ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने दिए. उनकी आवाज का जादू ऐसा था कि उस दौर में उनकी गिनती इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा डिमांड वाले और महंगे गायकों में होती थी. देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी उनके लाइव शोज की जबरदस्त मांग थी. इसी दौरान उन्हें कई ऐसे इवेंट्स में भी परफॉर्म करने का मौका मिला, जिनके बारे में उन्हें पहले पूरी जानकारी नहीं होती थी.
इसी बीच कुमार सानू ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने करियर से जुड़ा ऐसा ही चौंकाने वाला किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार वो दुबई में एक बर्थडे पार्टी में परफॉर्म करने पहुंचे थे. उस वक्त उन्हें ये जानकारी नहीं थी कि उस पार्टी में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम भी मौजूद होगा. बाद में जब अखबार में उस इवेंट की तस्वीरें सामने आई और उन्हें पता चला कि वो किसके सामने गाना गाकर आए हैं तो वो बुरी तरह डर गए थे. वहीं बातचीत के दौरान उन्होंने गैंगस्टर अबू सलेम से जुड़े एक और इवेंट का भी जिक्र किया, जिसमें उन्हें पुलिस की चेतावनी के बावजूद परफॉर्म करने के लिए जाना पड़ा था.
नदीम के साथ दुबई गए थे कुमार सानू
आपको बता दें कि कुमार सानू ने ये खुलासे ‘द लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में किए हैं. बातचीत के दौरान कुमार सानू ने बताया कि उन्हें म्यूजिक डायरेक्टर नदीम एक बर्थडे पार्टी में परफॉर्म करने के लिए दुबई लेकर गए थे. उन्हें सिर्फ इतना बताया गया था कि किसी बर्थडे सेलिब्रेशन में उन्हें गाना गाना है. उन्हें इस बात की जानकारी नहीं दी गई थी कि पार्टी किसकी है और उसमें कौन-कौन लोग शामिल होने वाले हैं. कुमार सानू के मुताबिक, उस इवेंट में वो अकेले नहीं थे. उनके साथ सिंगर अनु मलिक भी मौजूद थे. इवेंट के दौरान उन्हें पता चला कि वहां दाऊद इब्राहिम भी मौजूद है. उन्होंने बताया कि दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ उनके ठीक सामने बैठा हुआ था. कुमार सानू ने वहां अपने पॉपुलर गाने गाए और मेहमानों की फरमाइश पर भी परफॉर्म किया.
‘दाऊद इब्राहिम मेरे ठीक सामने बैठा था’
कुमार सानू ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि दाऊद इब्राहिम उनके सामने बैठा था और उनकी परफॉर्मेंस देख रहा था. उन्होंने कहा कि वहां उनसे उनके उन सभी गानों की फरमाइश की गई, जिन्हें वो आमतौर पर अपने स्टेज शोज में गाते थे. कुमार सानू ने ये भी साफ किया कि उन्होंने दाऊद इब्राहिम से पर्सनली कोई बातचीत नहीं की और न ही उस घटना के बाद उनकी उससे कभी मुलाकात हुई. उनके मुताबिक, वो एक सिंगर के तौर पर इवेंट में गए थे और उनका मकसद सिर्फ अपनी परफॉर्मेंस देना था.
अखबार में तस्वीर छपी तो डर गए
इस पूरे किस्से का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा ये था कि कुमार सानू को इवेंट में मौजूद लोगों की पूरी जानकारी पहले से नहीं थी. उन्हें सिर्फ एक नार्मल बर्थडे पार्टी में परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था. लेकिन इवेंट के बाद जब अखबार में उस पार्टी से जुड़ी तस्वीरें छपी तब उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ. कुमार सानू ने बताया कि तस्वीर देखने के बाद उनके मन में सवाल आया कि उन्होंने आखिर क्या कर दिया. उन्हें डर लगने लगा कि कहीं इस इवेंट में उनकी मौजूदगी को लेकर कोई गलत धारणा न बन जाए.
उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें इस बात का भी अंदाजा नहीं था कि वो जिस कार्यक्रम में गाने गए थे, वो इतनी बड़ी खबर बन जाएगा. कुमार सानू के मुताबिक, उनका किसी तरह के क्रिमिनल नेटवर्क से कोई लेना-देना नहीं था. वो एक कलाकार के तौर पर वहां गए थे और उन्हें जिस कार्यक्रम के बारे में बताया गया था, उसी के आधार पर उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस दी थी.
अबू सलेम के शो में जाने का भी सुनाया किस्सा
इसी इंटरव्यू के दौरान कुमार सानू ने गैंगस्टर अबू सलेम से जुड़े एक और इवेंट का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि एक बार उन्हें अबू सलेम के एक शो में परफॉर्म करने के लिए संपर्क किया गया था. कुमार सानू के मुताबिक, उन्हें किसी इवेंट के सिलसिले में पैसे देने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया. इसके बजाय उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की मदद चाहिए तो वो गाना गाकर कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने सामने वाले से कहा कि वो पैसे नहीं दे सकते, लेकिन अगर उन्हें किसी काम के लिए उनकी जरूरत है और वो चाहते हैं कि वो गाना गाएं तो वो परफॉर्म कर सकते हैं.
पुलिस ने फोन करके दी थी चेतावनी
कुमार सानू ने बताया कि इस इवेंट को लेकर पुलिस की तरफ से भी उन्हें फोन आया था. पुलिस अधिकारियों ने उनसे पूछा कि क्या वो अबू सलेम से जुड़े इवेंट में परफॉर्म करने के लिए जा रहे हैं. कुमार सानू ने कहा कि उन्होंने पुलिस को साफ-साफ बताया कि हां, वो इवेंट में जाने वाले हैं. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वहां न जाने की सलाह दी. पुलिस ने उन्हें खतरे के बारे में चेतावनी दी और कथित तौर पर कहा कि अगर वो वहां गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. कुमार सानू ने बताया कि उस समय उन्होंने पुलिस से सुरक्षा देने की मांग की. उनका कहना था कि अगर पुलिस उन्हें वहां जाने से रोक रही है तो उन्हें सुरक्षा भी देनी चाहिए, क्योंकि वो एक कलाकार हैं और उनका काम परफॉर्म करना है.
‘अगर गोली मार दी तो मैं क्या करूंगा?’
कुमार सानू ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा था कि अगर उन्हें वहां जाना ही नहीं चाहिए तो उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए या फिर ये भरोसा दिलाया जाए कि इवेंट में जाने पर उनके साथ कोई अनहोनी नहीं होगी. उनका तर्क था कि वो सिर्फ अपना काम करने जा रहे हैं. अगर सुरक्षा को लेकर इतना बड़ा खतरा है, तो सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस की होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वो एक सिंगर हैं और उनका काम गाना गाना है. ऐसे में वो अपनी पेशेवर जिम्मेदारी से पूरी तरह पीछे नहीं हटना चाहते थे.
गिरफ्तारी की भी मिली थी चेतावनी
कुमार सानू के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर ये भी चेतावनी दी थी कि अगर वो उस कार्यक्रम में गए तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है. इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में जाने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि वो दुबई गए इवेंट में परफॉर्म किया और फिर सुरक्षित वापस लौट आए. कुमार सानू के अनुसार, उन्होंने वहां गाना गाया और उसके बाद होटल लौट आए. अपना सामान लिया और वापस चले गए. उनके मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान उनके साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: 'बॉलीवुड का पाकिस्तान प्रेम कब खत्म होगा....', कंगना रनौत ने साधा नसीरुद्दीन शाह पर निशाना, फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कही ऐसी बात